कानपुर में FSDA आयुक्त की औचक छापेमारी: भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप और ट्रामाडोल बरामद
अनियमितता मिलने पर अग्रवाल ब्रदर्स के खिलाफ NDPS एवं BNS में FIR के आदेश

- FSDA आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने कानपुर नगर में की औचक छापेमारी।
- अग्रवाल ब्रदर्स की गोदाम से भारी मात्रा में कोडीन युक्त कफ सिरप और ट्रामाडोल टैबलेट्स बरामद।
- प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री का कोई अभिलेख उपलब्ध नहीं था, साथ ही एक्सपायर्ड दवाएं भी मिलीं।
- आयुक्त के निर्देश पर NDPS Act एवं Bharatiya Nyay Sanhita (BNS) में FIR दर्ज करने का आदेश।
- अवैध गतिविधियों से नशे की प्रवृत्ति को बढ़ावा मिलने पर सख्त चेतावनी।
कानपुर/लखनऊ। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) डॉ. रोशन जैकब ने मंगलवार को औषधि निरीक्षण दल के साथ कानपुर नगर में एक औचक निरीक्षण एवं छापेमारी की। इस छापेमारी में अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
जाँच दल ने कानपुर के अग्रवाल ब्रदर्स (विनोद अग्रवाल एवं शिवम अग्रवाल) की औषधि गोदाम एवं होलसेल डीलरशिप पर छापेमारी की। जाँच के दौरान, गोदाम से भारी मात्रा में कोडीन युक्त कफ सिरप एवं ट्रामाडोल टैबलेट्स बरामद की गईं। यह पाया गया कि इन प्रतिबंधित और नियंत्रित औषधियों की बिक्री एवं वितरण का कोई अभिलेख उपलब्ध नहीं था। इसके अलावा, गोदाम में बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड दवाएं भी मिलीं।
आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने इस गंभीर अनियमितता पर संज्ञान लेते हुए संबंधित औषधि विक्रेताओं के विरुद्ध नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट (NDPS Act) एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की अवैध औषधीय गतिविधियों से समाज में नशे की प्रवृत्ति को बढ़ावा मिलता है, जिसे किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



