कानपुरउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर: सरकार ने सुनी पुकार जरौली फेज 2 में रातों-रात सड़क बनकर हुई तैयार

रामगोपाल चौराहा से पाल पेट्रोल पंप तक राहगीरों को मिली राहत

Story Highlights
  • लंबे समय से जर्जर हाल गड्ढों से जूझ रहे स्कूली बच्चों, स्थानीय निवासियों और दुकानदारों को मिली बड़ी राहत

राजेश कटियार, कानपुर। स्थानीय प्रशासन और सरकार ने आखिरकार जनता की लंबी पुकार सुन ली है। रामगोपाल चौराहा से पाल पेट्रोल पंप तक के मुख्य मार्ग का निर्माण कार्य संपन्न हो चुका है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और राहगीरों में भारी उत्साह है। यह सड़क पिछले कई सालों से जर्जर हालत में थी जिस कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती थीं और बारिश के दिनों में इस रास्ते से निकल पाना दूभर हो जाता था।

स्थानीय जनता द्वारा लंबे समय से की जा रही मांग को सुनते हुए प्रशासन ने रामगोपाल चौराहा से कटियार मेडिकल स्टोर होते हुए पाल पेट्रोल पंप तक की सड़क का निर्माण कार्य पूरा करवा दिया है। सड़क के डामरीकरण होने के बाद अब इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह सुगम हो गया है। यह मार्ग क्षेत्र के प्रमुख व्यावसायिक और आवासीय हिस्सों को जोड़ता है। पिछले काफी समय से सड़क की हालत अत्यंत दयनीय थी जिससे राहगीरों खासतौर पर स्कूली बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर कटियार मेडिकल स्टोर के सामने और रामगोपाल चौराहे के पास बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन लोग चोटिल हो रहे थे और वाहनों में तकनीकी खराबी आ रही थी।

व्यापारियों और निवासियों में खुशी की लहर

सड़क बनने से सबसे ज्यादा राहत स्कूली बच्चों को है क्योंकि इस सड़क पर करीब एक दर्जन से भी अधिक स्कूल बने हुए हैं हालांकि स्थानीय दुकानदारों और रोजमर्रा की आवाजाही करने वाले लोगों को भी इससे बड़ी राहत मिली है। कटियार मेडिकल स्टोर के आस-पास के व्यापारियों का कहना है कि सड़क खराब होने की वजह से ग्राहकों को आने-जाने में असुविधा होती थी जिससे उनका व्यापार प्रभावित हो रहा था। अब सड़क चकाचक होने से ग्राहकों की आवाजाही बढ़ेगी और धूल-मिट्टी की समस्या से भी पूरी तरह निजात मिल जाएगी।

स्थानीय निवासियों ने इस त्वरित कार्यवाही के लिए सरकार, लोक निर्माण विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का आभार जताया है। लोगों का कहना है कि इस मुख्य मार्ग के सुदृढ़ीकरण से पूरे जरौली फेज 2 क्षेत्र के विकास को रफ्तार मिलेगी।

Related Articles

AD
Back to top button