उत्तरप्रदेशकानपुर देहातफ्रेश न्यूज

23 अगस्त को चंद्रयान-3 का चंद्रमा पर उतरने की प्रक्रिया का शिक्षण संस्थानों में होगा सीधा प्रसारण

चांद पर उतरने जा रहे चंद्रयान-3 के लैंडिंग का सटीक समय पता चल गया है। इसरो ने रविवार दोपहर 2.12 बजे ट्वीट कर बताया कि चंद्रयान-3 आने वाले 23 अगस्त की शाम करीब 6 बजकर 4 मिनट पर चंद्रमा पर लैंड करने को तैयार है।

Story Highlights
  • चंद्रयान-3 का 23 अगस्त को होगा सीधा प्रसारण, खुलेंगे सभी शिक्षण संस्थान 
  • सायं 05:15 से 06:15 बजे तक खुलेंगे शिक्षण संस्थान, बच्चे देखेंगे चंद्रयान 

राजेश कटियार, कानपुर देहात। चांद पर उतरने जा रहे चंद्रयान-3 के लैंडिंग का सटीक समय पता चल गया है। इसरो ने रविवार दोपहर 2.12 बजे ट्वीट कर बताया कि चंद्रयान-3 आने वाले 23 अगस्त की शाम करीब 6 बजकर 4 मिनट पर चंद्रमा पर लैंड करने को तैयार है। इसरो ने शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया है।

भारत में लोग इसरो के चंद्रयान-3 मिशन के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। इसरो ने एक बयान में कहा कि स्पेस में खोज की दिशा में अपने चंद्रयान-3 मिशन के साथ भारत एक महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंच चुका है। देश चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग के लिए तैयार है। यह उपलब्धि भारतीय साइंस, इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी और उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही यह अंतरिक्ष अन्वेषण में हमारे देश की प्रगति को दर्शाता है।

इसरो ने बताया है कि जिस पल का देश बेसब्री से इंतजार कर रहा है उसका लाइव प्रसारण 23 अगस्त 2023 को शाम 5.27 बजे से किया जाएगा। इसे इसरो की वेबसाइट, यूट्यूब, फेसबुक पेज और डीडी नेशनल चैनल सहित विभिन्न प्लेटफॉर्म पर देखा जा सकेगा। इसरो ने कहा है कि चांद पर उतरना एक ऐसा क्षण होगा जो न केवल जिज्ञासा को बढ़ाएगा बल्कि हमारे युवाओं के मन में अन्वेषण (खोज) के लिए जुनून और उत्साह भी जगाएगा। यह गर्व की भावना पैदा करता है क्योंकि हम सामूहिक रूप से भारतीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी के कौशल का जश्न मनाते हैं।

स्कूलों में बच्चों को दिखाएं सीधा प्रसारण-

इसरो ने देशभर के सभी स्कूल कॉलेजों और सभी शैक्षणिक संस्थानों को इस ऐतिहासिक घटना के समय सक्रिय भूमिका निभाने के लिए आमंत्रित किया है। संस्थानों को इस इवेंट के बारे में छात्रों, अध्यापकों को बताने के साथ-साथ अपने परिसर में चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग की लाइव स्ट्रीमिंग दिखाने को कहा गया है। अपर राज्य परियोजना निदेशक मधुसूदन हुल्गी ने जनपद में की डाइट प्राचार्य एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को इस बाबत आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए हैं।

बेसिक शिक्षा अधिकारी रिद्धी पाण्डेय ने बताया कि आदेश प्राप्त हुआ है। चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग एक ऐतिहासिक क्षण है जो न केवल उत्सुकता बढ़ाएगा बल्कि हमारे परिषदीय विद्यालयों के बच्चों के मन में अन्वेषण की भावना भी उत्पन्न करेगा। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित कर दिया है कि वे अपने अपने विकासखंड के विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को आवश्यक निर्देश निर्गत करे कि वे सभी नामांकित छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के साथ सायं 05:15 से 06:15 बजे विशेष सभा आयोजित करायें और चन्द्रमा पर चंद्रयान-3 के उतरने के सीधे प्रसारण में सम्मिलित होना सुनिश्चित करें।

 

Print Friendly, PDF & Email
AMAN YATRA
Author: AMAN YATRA

SABSE PAHLE

Related Articles

AD
Back to top button