कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: ऑटो में पर्स उड़ाने वाली हरियाणा की दो शातिर महिला चोर गिरफ्तार, जेवर और नगदी बरामद

अभियुक्त महिलाएं हरियाणा के गुड़गांव की रहने वाली हैं जो घूम-घूम कर चोरी करती थीं।

कानपुर देहात की भोगनीपुर थाना पुलिस ने ऑटो में सफर के दौरान महिलाओं के पर्स और जेवर चोरी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने हरियाणा की रहने वाली दो महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए चांदी के पायजेब, बिछिया, सोने की कील और नगदी बरामद की है।

मूसानगर रोड पर ओवरब्रिज के पास दिया था घटना को अंजाम

दौलतपुर निवासी उर्मिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 9 मई 2026 को वह अपने पति के साथ ऑटो से मूसानगर से भोगनीपुर आ रही थीं। रास्ते में दो अज्ञात महिलाएं एक बच्चे के साथ ऑटो में सवार हुईं। भोगनीपुर कस्बे के पास एसबीआई बैंक के पास एक महिला ने उर्मिला के बच्चे को गोदी में लेने का बहाना किया, जबकि दूसरी ने अपना पर्स उर्मिला के पर्स के ऊपर रख दिया। शक होने पर जब उर्मिला ने जांच की तो उनका पर्स बगल वाली महिला के पास मिला। घर जाकर देखने पर पता चला कि पर्स के अंदर रखे चांदी के जेवर और आधार कार्ड चोरी हो चुके थे।

मुखबिर की सूचना पर भोगनीपुर चौराहे से हुई गिरफ्तारी

घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद थाना भोगनीपुर पुलिस सक्रिय हुई। 10 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने भोगनीपुर चौराहे के पास से दो संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी का सारा सामान बरामद हो गया। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे हरियाणा से आकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सवारी गाड़ियों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देती हैं और रात में झोपड़-पट्टियों में शरण लेती हैं।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण

पुलिस द्वारा गिरफ्तार की गई महिलाओं की पहचान सुधा पत्नी राजकुमार कंजड़ (उम्र 30 वर्ष) और पूजा पत्नी सुमित कंजड़ (उम्र 20 वर्ष) के रूप में हुई है, जो फरुखनगर, जनपद गुड़गांव, हरियाणा की निवासी हैं।

बरामदगी का विवरण

अभियुक्तों के पास से पुलिस ने 02 जोड़ी चांदी की पायल, 02 जोड़ी चांदी की बिछिया, 01 सोने की नाक की कील, 1740 रुपये नगद, पीड़िता का आधार कार्ड, 01 ब्लेड, 02 चाबियां और 01 बड़ी सेफ्टी पिन बरामद की है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस खुलासे में निरीक्षक अपराध वीरेन्द्र बहादुर सिंह, महिला उपनिरीक्षक सुमन दीक्षित, उपनिरीक्षक राजेन्द्र कुमार रंजन, हेड कांस्टेबल राजीव कुमार और महिला रिक्रूट कांस्टेबल प्रिया यादव की मुख्य भूमिका रही। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया है।


ये भी पढे- मूसानगर में यमुना घाट पर नहाते समय युवक की डूबकर मौत,प्रतिबंधित क्षेत्र में हुआ हादसा


 

Related Articles

AD
Back to top button