सावधान! कहीं आपसे भी तो कोई ‘रास्ता’ नहीं पूछ रहा? कानपुर देहात में महिला के साथ हो गया बड़ा खेल
रोशनमऊ में सनसनी: रास्ता पूछने के बहाने पास आए बदमाश, महिला के कान के बाले नोचकर हुए फरार

कानपुर देहात। जिले के रूरा थाना क्षेत्र में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। रविवार को यहाँ दिनदहाड़े बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक महिला को अपना शिकार बनाया। बदमाश महिला से रास्ता पूछने के बहाने पास आए और बातों में उलझाकर उसके कान के सोने के बाले छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
खेत से घर लौट रही थी महिला रोशनमऊ गांव निवासी राजा सिंह ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि उनकी बुआ लक्ष्मी देवी रविवार को खेतों से काम निपटाकर वापस घर लौट रही थीं। उसी दौरान एक काली पल्सर बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। उन्होंने महिला को रोका और किसी जगह का रास्ता पूछने का नाटक करने लगे।
बातों में उलझाकर दिया घटना को अंजाम बातचीत के दौरान बदमाशों ने महिला को अपनी बातों में उलझा लिया और मौका पाते ही झपट्टा मारकर उनके कान के सोने के बाले नोच लिए। जब तक महिला कुछ समझ पाती या शोर मचाती, बदमाश बाइक पर सवार होकर मौके से रफूचक्कर हो गए। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर इकट्ठा हो गए, लेकिन तब तक लुटेरे काफी दूर जा चुके थे।
पुलिस ने शुरू की तलाश घटना की सूचना मिलते ही रूरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ित महिला से पूछताछ की और घटनास्थल का मुआयना किया। राजा सिंह की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि संदिग्धों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, दिनदहाड़े हुई इस लूट की वारदात से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।



