नवोदय विद्यालय में ग्रामीण प्रतिभाओं को तराशने की बड़ी पहल: रिकॉर्ड आवेदन कराने वाले तीन खंड शिक्षा अधिकारी हुए सम्मानित
पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में सोमवार को शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और ग्रामीण बच्चों के नामांकन को बढ़ाने के उद्देश्य से एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया

राजेश कटियार,कानपुर देहात। पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में सोमवार को शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और ग्रामीण बच्चों के नामांकन को बढ़ाने के उद्देश्य से एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उत्कृष्ट कार्य करने वाले खंड शिक्षा अधिकारियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय के प्राचार्य आनंद कुमार मिश्रा ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी का बुके भेंट कर भव्य स्वागत किया। बीएसए ने परिसर का भ्रमण कर छात्र-छात्राओं के लिए संचालित गतिविधियों, मॉडर्न क्लास रूम्स, अटल टिंकरिंग लैब, प्रयोगशाला, हॉस्टल व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता का गहन अवलोकन किया और व्यवस्थाओं को अत्यंत सराहनीय बताया।
75 फीसदी ग्रामीण आरक्षण पर विशेष रणनीति
अवलोकन के पश्चात आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे लाने पर मंथन हुआ। प्राचार्य आनंद कुमार मिश्रा ने बताया कि नवोदय विद्यालय में 75 प्रतिशत सीटें ग्रामीण क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी बच्चों के लिए आरक्षित होती हैं जबकि शेष 25 प्रतिशत सीटों पर ओपन मेरिट से पारदर्शी चयन होता है। बैठक में आगामी सत्र के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से अधिक से अधिक आवेदन कराने की रणनीति तय की गई।
उत्कृष्ट कार्य के लिए खंड शिक्षा अधिकारी पुरस्कृत
विगत वर्ष नवोदय प्रवेश परीक्षा में अपने विकासखंडों से रिकॉर्ड आवेदन कराने वाले तीन खंड शिक्षा अधिकारियों को स्मृति चिन्ह देकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
प्रथम स्थान अजब सिंह खंड शिक्षा अधिकारी रसूलाबाद, द्वितीय स्थान मनोज कुमार सिंह खंड शिक्षा अधिकारी अकबरपुर तथा तृतीय स्थान ईश्वरकांत मिश्रा खंड शिक्षा अधिकारी अमरौधा को सम्मानित किया गया। बीएसए और प्राचार्य ने अधिकारियों के इस बेहतर समन्वय और उत्कृष्ट प्रयासों की जमकर सराहना की। कार्यक्रम का समापन सभी के सहयोग और आभार प्रदर्शन के साथ सकुशल संपन्न हुआ।
ये भी पढे- कानपुर देहात पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 18 पुलिसकर्मियों के तबादले



