कानपुर देहात: 21 जुलाई को होगी मासिक शिक्षक संकुल बैठक, बीएसए आशीष कुमार पांडेय ने जारी किए निर्देश
सभी शिक्षकों को शिक्षण डायरी, पाठ योजना और दीक्षा ऐप का प्रभावी उपयोग करने पर जोर।

राजेश कटियार, कानपुर देहात। जनपद में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षा स्तर को मजबूत करने और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पांडेय ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने आगामी 21 जुलाई को आयोजित होने वाली मासिक शिक्षक संकुल बैठक को लेकर आधिकारिक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य निपुण भारत लक्ष्य के तहत तय किए गए मानकों को समय से पूरा करना और विद्यालयों में शिक्षण की गुणवत्ता में सुधार लाना है। बैठक में परिषदीय विद्यालयों के बच्चों के सीखने के स्तर (लर्निंग आउटकम) को सुधारने पर चर्चा होगी। निपुण लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अब तक की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
सभी शिक्षकों के लिए अपनी दैनिक शिक्षण डायरी और पाठ योजना को अपडेट रखना अनिवार्य किया गया है। डिजिटल लर्निंग टूल्स और दीक्षा ऐप के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया जाएगा।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पांडेय ने सख्त हिदायत दी है कि बैठक में सभी नामित शिक्षक संकुलों और प्रधानाध्यापकों की उपस्थिति अनिवार्य है। बैठक से बिना किसी ठोस कारण या पूर्व अनुमति के गायब रहने वाले शिक्षकों और संकुल सदस्यों के खिलाफ विभागीय नियमों के तहत कड़ी अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
बीईओ को सौंपी जिम्मेदारी
इस बैठक को पूरी तरह सफल और पारदर्शी बनाने के लिए जनपद के सभी ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारियों को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। सभी बीईओ अपने-अपने विकासखंडों में होने वाली बैठक की सीधे निगरानी करेंगे और उसकी रिपोर्ट जिला मुख्यालय को भेजेंगे।



