उत्तरप्रदेशकानपुर देहातफ्रेश न्यूज

जनपद में पांच शिक्षकों ने ठोकी राज्य अध्यापक पुरस्कार की दावेदारी

राजेश कटियार,कानपुर देहात। जिले में कार्यरत करीब पांच हजार परिषदीय शिक्षकों में से केवल पांच शिक्षकों ने ही राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए आवेदन किया है। यह स्थिति तब है जब आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून से बढ़ाकर 7 जुलाई की गई थी ताकि अधिक से अधिक शिक्षक इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए अपनी दावेदारी प्रस्तुत कर सकें। राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूलों में कार्यरत पात्र शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रेरणा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना था। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जनपद चयन समिति 20 जुलाई तक अभिलेखों का सत्यापन और मूल्यांकन कर तीन श्रेष्ठ शिक्षकों के नाम राज्य चयन समिति को भेजेगी। विभाग को उम्मीद थी कि जिले के शिक्षक अपने नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और विद्यार्थियों के हित में किए गए कार्यों के आधार पर बड़ी संख्या में आवेदन करेंगे लेकिन अंतिम तिथि तक केवल 5 आवेदन मिलने से शिक्षा विभाग और शिक्षकों के बीच यह चर्चा का विषय बन गया है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अनेक शिक्षक बेहतर कार्य कर रहे हैं लेकिन यदि वे स्वयं अपनी उपलब्धियों को सामने नहीं लाएंगे तो उनके नवाचार और उत्कृष्ट कार्यों को व्यापक पहचान नहीं मिल पाएगी। इसी उद्देश्य से आवेदन की तिथि भी बढ़ाई गई थी किंतु अपेक्षा के अनुरूप आवेदन प्राप्त नहीं हुए। बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने प्राप्त आवेदन पत्रों को संगत साक्ष्यों के साथ खंड शिक्षा अधिकारियों को स्पष्ट संस्तुति सहित कार्यालय को 10 जुलाई तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
राज्य अध्यापक पुरस्कार हेतु आवेदन करने वाले शिक्षक-
1.संगीता यादव (प्रधानाध्यापक)
प्राथमिक विद्यालय गलुवापुर डेरापुर
2.विनीत कुमार मिश्र (सहायक अध्यापक)
उच्च प्राथमिक विद्यालय अंता रसूलाबाद
3.धर्मेन्द्र सिंह चौहान (सहायक अध्यापक)
संविलियन उच्च प्राथमिक विद्यालय सरवनखेड़ा
4.प्रकाश मोहन मिश्र (सहायक अध्यापक)
उच्च प्राथमिक विद्यालय गेंदामऊ डेरापुर
5.शानेंद्र सिंह तोमर (प्रधानाध्यापक)
उच्च प्राथमिक विद्यालय सिठमरा डेरापुर

Related Articles

AD
Back to top button