जालौन: कालपी के इकलौते खेल मैदान में शाम ढलते ही सजती हैं नशेबाजों की महफिलें
खेल प्रेमियों ने मैदान की सुरक्षा को लेकर कोतवाली कालपी में लगाई गुहार

कालपी (जालौन)। नगर में प्रतिभाओं की कमी नहीं, परंतु सुविधाओं की कमी उन्हें पंख नहीं लगाने देती। कालपी नगर का एकमात्र एम.एस.वी. इंटर कॉलेज मैदान, जो सैकड़ों बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारने का केंद्र है, इन दिनों अराजक तत्वों की गिरफ्त में है। शाम ढलते ही मैदान में नशेबाजों की महफिलें सज जाती हैं, जिससे खेल वातावरण दूषित हो रहा है।
इसी समस्या से आहत होकर वेद व्यास एकेडमी के प्रशिक्षक कमल सैनी के नेतृत्व में दर्जनों बच्चों ने कोतवाली कालपी पहुंचकर एक प्रार्थनापत्र सौंपा। इसमें मांग की गई कि मैदान को अराजक तत्वों और नशेबाजों से मुक्त कराया जाए ताकि बच्चे सुरक्षित वातावरण में खेल सकें।
खिलाड़ियों द्वारा दिए गए पत्र में उल्लेख किया गया कि प्रतिदिन शाम सात बजे के बाद मैदान में अनावश्यक भीड़ जुट जाती है। नशे की हालत में लोग गंदगी फैलाते हैं, बोतलें फेंकते हैं, जिससे मैदान अस्वच्छ हो जाता है। इससे न केवल बच्चों की सुरक्षा खतरे में पड़ती है बल्कि खेल प्रशिक्षण भी प्रभावित होता है।
प्रशिक्षक कमल सैनी, राजू यादव सहित बच्चों ने बताया कि वे रोजाना नगर पालिका के सहयोग से मैदान की साफ-सफाई कर उसे स्वच्छ रखते हैं, ताकि छोटे बच्चों को चोटिल होने से बचाया जा सके। बावजूद इसके, अराजक तत्वों की हरकतों से उनका उत्साह कम हो रहा है।
खेल प्रेमियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मैदान में शाम के बाद निगरानी बढ़ाई जाए और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि कालपी की खेल प्रतिभाएं सुरक्षित माहौल में आगे बढ़ सकें।



