कानपुर देहात: पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने पुलिस लाइन में शुक्रवार परेड का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षण ले रहे रिक्रूट आरक्षियों की ट्रेनिंग की गुणवत्ता को बारीकी से परखा।
कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय द्वारा शुक्रवार को जनपद की पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी ली गई और निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षण ले रहे रिक्रूट आरक्षियों की ट्रेनिंग की गुणवत्ता को बारीकी से परखा।
उन्होंने रिक्रूट्स के अनुशासन, समयबद्धता, शिक्षण विधि, फिजिकल ट्रेनिंग और व्यवहारिक ज्ञान के स्तर को देखा और वहां उपस्थित संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशिक्षण की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
परेड के दौरान अनुशासन और एकरूपता बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक महोदया ने टोलीवार ड्रिल करवाई, जिससे पुलिस बल की कार्यकुशलता और सजगता का आकलन किया जा सके। परेड निरीक्षण के उपरांत उन्होंने पुलिस लाइन स्थित आदेश कक्ष का भी रुख किया।
वहां उन्होंने सभी गार्द रजिस्टरों की सघन जांच की और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए गार्द कमांडरों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति सचेत करते हुए आवश्यक निर्देश जारी किए। इस दौरान पुलिस लाइन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।



