कानपुर देहात: माती बस डिपो में रोडवेज कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित
कुल 92 रोडवेज कर्मियों की एचआईवी, सिफलिस और हेपेटाइटिस-बी की हुई जांच।

कानपुर देहात के माती स्थित यू.पी.एस.आर.टी.सी. बस डिपो में सोमवार को रोडवेज कर्मचारियों और चालकों-परिचालकों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एके सिंह ने बताया कि महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में इस शिविर के माध्यम से डिपो स्टाफ को गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक और उनके स्वास्थ्य की जांच की गई।
नेत्र परीक्षण और एचआईवी जांच पर रहा विशेष जोर
शिविर में विशेष रूप से चालकों की सुरक्षा और सुगम यात्रा को ध्यान में रखते हुए नेत्र परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कुल 92 प्रतिभागियों की एचआईवी, सिफलिस और हेपेटाइटिस-बी जैसी गंभीर बीमारियों की जांच की। इसके अतिरिक्त, नेत्र परीक्षण अधिकारी योगेश शुक्ला द्वारा 38 कर्मचारियों की आंखों की गहन जांच की गई, ताकि ड्यूटी के दौरान उनकी दृष्टि संबंधी कोई समस्या बाधा न बने।
विभागीय विशेषज्ञों ने दी परामर्श सेवाएं
शिविर में क्षेत्रीय प्रबंधक अशफाक और स्टेशन प्रभारी आर.एस. गौतम की उपस्थिति में डॉ. दीक्षांत तिवारी और डॉ. मीना ने मरीजों का परीक्षण किया। क्षय रोग विभाग से अनुराग तिवारी और कुलदीप गौतम ने टीबी के लक्षणों के प्रति जानकारी दी, जबकि आईसीटीसी काउंसलर संजय श्रीवास्तव और उनकी टीम ने विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और बचाव के तरीकों पर परामर्श प्रदान किया। इस दौरान सुमित्रा सामाजिक कल्याण संस्थान के परियोजना प्रबंधक सत्यम कुमार सहित डिपो का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात : महिला ने पानी के धोखे पिया जहरीला पदार्थ



