कानपुर देहात: डेरापुर में करंट की चपेट में आकर ऑटो चालक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
मृतक की पहचान अंशू पांडेय 30 वर्ष के रूप में हुई है।

पुखरायां। कानपुर देहात के डेरापुर कस्बे के गांधी नगर मोहल्ले में गुरुवार शाम एक ऑटो चालक की करंट लगने से मौत हो गई।मृतक की पहचान अंशू पांडेय 30 वर्ष के रूप में हुई है।
वह भोगनीपुर तहसील क्षेत्र के हरदुआ खालसा के निवासी थे।पिछले एक माह से अपनी ससुराल गांधी नगर डेरापुर में रह रहे थे और ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण पोषण करते थे।गुरुवार शाम करीब 6 बजे अंशू पांडेय अचानक करंट की चपेट में आ गए।जिससे उनकी हालत बिगड़ गई।परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डेरापुर ले गए।जहां मौजूद चिकित्सक ने परीक्षण उपरांत मृत घोषित कर दिया।
मृतक अपने पीछे तीन नाबालिक बच्चों को छोड़ गए हैं।घटना से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।मामले की जांच की जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



