रसूलाबाद में ट्रैक्टर की टक्कर से मासूम की मौत,परिजनों में मचा कोहराम
ट्रैक्टर कब्जे में,चालक फरार, पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी

कानपुर देहात के रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र के गहदेवा गांव में गुरुवार सुबह सड़क हादसे में एक छह वर्षीय मासूम की मौत हो गई।हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर छोड़ मौके से फरार हो गया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।मृतक की पहचान गहदेवा निवासी प्रेमशंकर के छः वर्षीय पुत्र किशन के रूप में हुई है।
बच्चा अपने भाई के साथ सड़क किनारे साइकिल पर बैठा था तभी मिट्टी से भरे एक ट्रैक्टर ने पीछे से साइकिल में टक्कर मार दी।हादसे में किशन गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उसे उपचार के लिए ककवन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए।जहां मौजूद डॉक्टरों ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक के पिता प्रेमशंकर ने बताया कि उनके तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं।किशन दूसरे नंबर का बेटा था।
हादसे में उसका बड़ा भाई सुमित बाल बाल बच गया।ट्रैक्टर ककवन निवासी बाबू कुशवाहा का बताया जा रहा है।जो मिट्टी खनन कर ककवन से गहदेवा डालने जा रहा था।हादसे के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को पकड़ लिया जबकि उसका चालक मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।फरार चालक की तलाश की जा रही है।तहरीर मिलने पर अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
ये भी पढ़े- कानपुर: संविधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ने दिलाई शपथ



