झींझक में धान चक्की के पटे में फंसकर महिला घायल
कानपुर देहात के विकासखंड झींझक क्षेत्र के ताली गांव में एक महिला धान चक्की के पटे में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गई

पुखरायां।कानपुर देहात के विकासखंड झींझक क्षेत्र के ताली गांव में एक महिला धान चक्की के पटे में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गई।उसे तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झींझक लाया गया।जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के पश्चात जिला अस्पताल रेफर कर दिया।घटना रविवार सुबह करीब 11 बजे हुई।जानकारी के मुताबिक मंगलपुर थाना क्षेत्र के मुंडेरा किन्नर सिंह के मजरा ताली गांव निवासी रघुवीर की 42 वर्षीय पत्नी सुनीता धान कुटाई के लिए गांव स्थित चक्की पर गई थीं।धान कुटाई के दौरान उनकी साडी चक्की के पटे में फंस गई।जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।यह देखकर चक्की संचालक ने तुरंत मुख्य बिजली आपूर्ति बंद कर दी।घटना की सूचना मिलने पर महिला के परिजन मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से सुनीता को गंभीर हालत में ई रिक्शा से झींझक सीएचसी पहुंचाया।जहां मौजूद चिकित्सक डॉ सोनाली आनंद ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के पश्चात बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।डॉक्टर सोनाली आनंद ने बताया कि महिला को अंदरूनी चोटों की आशंका के चलते जिला अस्पताल रेफर किया गया है।



