डीएम आलोक ने रैन बसेरों का किया निरीक्षण, जरूरतमंदों को बांटे कंबल
कड़ाके की ठंड से निपटने के लिए जिलाधिकारी आलोक सिंह ने शनिवार देर रात अकबरपुर कस्बे के आश्रय गृह/रैन बसेरा और अलाव स्थल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वयं जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए।

कानपुर देहात: कड़ाके की ठंड से निपटने के लिए जिलाधिकारी आलोक सिंह ने शनिवार देर रात अकबरपुर कस्बे के आश्रय गृह/रैन बसेरा और अलाव स्थल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वयं जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के सभी रैन बसेरों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें और अलाव नियत स्थानों पर लगातार जलते रहें। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को खुले में नहीं सोने दिया जाए और सभी जरूरतमंदों को आश्रय गृहों में आश्रय दिया जाए।
जिलाधिकारी ने कंबल वितरित करते हुए लोगों से अपील की कि वे कंबल का समुचित उपयोग करके ठंड से बचाव करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कंबल वितरण, अलाव की व्यवस्था और रैन बसेरों की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी ली।
डीएम ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार सभी जरूरतमंदों को कंबल उपलब्ध कराए जाएं और निर्धारित स्थानों पर अलाव जलाए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे रात में भ्रमण कर जरूरतमंद लोगों की पहचान कर कंबल वितरित करें और अलाव तथा रैन बसेरों की लगातार निगरानी करें। इस मौके पर उप जिलाधिकारी अकबरपुर सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।



