डेरापुर में दर्दनाक हादसा: हाइटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से पांच मवेशियों की मौत,एक घायल
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लगाया घोर लापरवाही का आरोप

कानपुर देहात के डेरापुर थाना क्षेत्र के कपासी गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ।गांव से गुजर रही 11000 वोल्ट की विद्युत लाइन का तार अचानक टूटकर नीचे गिर गया।जिसकी चपेट में आकर 05 मवेशियों की मौत हो गई जबकि एक पशु घायल है।
कपासी गांव निवासी किसान राजेश,महेश और महावीर के मवेशी घर के पास में थे तभी हाइटेंशन लाइन का तार टूटकर नीचे गिर गया।करंट की चपेट में आने से पांच मवेशियों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि एक घायल हो गया।मृत मवेशियों में चार गाय और एक भैंस बताई जा रही है।घटना के बाद किसानों में भारी आक्रोश है।
पीड़ित पशुपालकों का कहना है कि इस हादसे में उन्हें लाखों रुपए का नुकसान हुआ है,जिससे वे गहरे सदमे में हैं।किसानों ने घटना की सूचना विद्युत विभाग के साथ साथ तहसील प्रशासन को दे दी है।उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की मांग की है।बताया जा रहा है कि गांव के अंदर से ही 11000 वोल्टेज की विद्युत लाइन निकली है।
जिसे हटाने के लिए संबंधित विभाग से कई बार शिकायत की गई मगर कोई नतीजा नहीं निकला।ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत लाइनों के रखरखाव में लापरवाही बरती जा रही है।जिससे इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।पशुपालक राजेश ने बताया कि शुक्रवार सुबह 11000 वोल्टेज विद्युत तारों के ऊपर से गिलहरी गुजर जाने से चिंगारी उठी और देखते ही देखते तार टूटकर नीचे गिर गया।
जिससे छह मवेशी करंट की चपेट में आ गए।जिसमें से चार गायों और एक भैंस की मौत हो गई।जबकि एक पड़िया गंभीर रूप से घायल है।जिसे प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है।
तहसील प्रशासन व पुलिस को भी घटना की सूचना दे दी गई है।ग्रामीणों में चर्चा है कि हादसे के समय एक स्कूली बस भी वहां से गुजरी थी जो करंट की चपेट में आने से बच गई और एक बड़ा हादसा होते टल गया।



