डेरापुर में बैंक मैनेजर व बीसी 15 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार
कानपुर देहात में सीबीआई ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की है।डेरापुर क्षेत्र की बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा नुनारी बुजुर्ग से शाखा प्रबंधक और एक बैंक मित्र को कथित तौर पर रिपोर्ट रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है

कानपुर देहात। जनपद में सीबीआई ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की है।डेरापुर क्षेत्र की बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा नुनारी बुजुर्ग से शाखा प्रबंधक और एक बैंक मित्र को कथित तौर पर रिपोर्ट रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है।इस कार्यवाही के बाद बैंक परिसर में हड़कंप मच गया है।सीबीआई की एंटी करप्शन टीम ने गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे बैंक में छापा मारा।
टीम ने शाखा प्रबंधक गौरव वर्मा और बैंक मित्र राघवेंद्र को हिरासत में लिया।जानकारी के मुताबिक दोनों के खिलाफ सीबीआई में शिकायत दर्ज कराई गई थी।आरोप था कि पंडित दीनदयाल ग्रामोद्योग रोजगार योजना अंतर्गत ब्याज सब्सिडी का लाभ देने के लिए आवश्यक दस्तावेज जारी करने के बदले रिश्वत की मांग की जा रही थी।शिकायत में बताया गया था कि इस कार्य के एवज में 25 हजार रुपए रिश्वत की मांग की गई थी।
सीबीआई ने शिकायत को संज्ञान में लेते हुए जाल बिछाया और कार्यवाही के दौरान 15 हजार की कथित रिश्वत लेते हुए दोनों को रंगे हाथों दबोच लिया।सीबीआई की इस कार्यवाही से बैंक परिसर में अफरा तफरी मच गई।अधिकारियों ने बैंक के दस्तावेजों और अन्य जरूरी अभिलेखों की भी जांच की।
मामले की जानकारी मिलते ही बैंक अधिकारियों में भी हलचल मच गई।क्षेत्रीय प्रबंधक ने मामले की विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं।वहीं लीड बैंक मैनेजर को पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है।सीबीआई दोनों आरोपियों को आगे की पूछताछ और कानूनी कार्यवाही के लिए लखनऊ ले गई है।फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।



