डेरापुर में संदिग्ध परिस्थितियों में आम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव,फैली सनसनी
रात में खेत की रखवाली करने निकला था,सुबह लटका मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम

- पुलिस व फोरेंसिक टीम जांच में जुटी
कानपुर देहात के डेरापुर थाना क्षेत्र के बिरिया गांव में गुरुवार देर रात एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।शुक्रवार सुबह उसका शव गांव के बाहर खेतों में आम के पेड़ से लटका मिला।मृतक की पहचान बिरिया गांव निवासी कुंवरलाल यादव के 45 वर्षीय पुत्र विश्वनाथ उर्फ भदई के रूप में हुई है।
विश्वनाथ गुरुवार रात अपने खेतों की रखवाली करने निकले थे।शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के रामप्रकाश यादव के खेत में प्लास्टिक की रस्सी के सहारे आम के पेड़ पर उनका शव लटका देखा तो परिजनों को सूचना दी।सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और घटना की सूचना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।तत्पश्चात शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।विश्वनाथ की मौत से भाई भोला,कैलाश,पत्नी ममता देवी,मां श्यामा देवी और पुत्री विद्यावती का रो रो कर बुरा हाल था।प्रभारी निरीक्षक संजेश कुमार ने बताया कि आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।फोरेंसिक टीम ने मौके पर साक्ष्य एकत्र किए हैं।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।


