उत्तरप्रदेशकानपुर देहातफ्रेश न्यूज

कैबिनेट मंत्री राकेश सचान का जनता दर्शन, 200 से अधिक शिकायतें दर्ज

प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने शनिवार को पुखरायां के पटेल चौक स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय पर जनता दर्शन दरबार का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों से आए 200 से अधिक फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना

Story Highlights
  • जमीन पर अवैध कब्जा, नाली विवाद और पुलिस उत्पीड़न के मामलों पर मंत्री ने अधिकारियों को दिए त्वरित निर्देश

अमन यात्रा ब्यूरो,कानपुर देहात। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने शनिवार को पुखरायां के पटेल चौक स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय पर जनता दर्शन दरबार का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों से आए 200 से अधिक फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। मंत्री ने सभी शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए।

जनता दर्शन दरबार में कई प्रमुख मामले सामने आए। भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अरहरिया मऊ निवासी बाबू पटेल, जो स्वर्गीय मन्नालाल सचान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के सगे नाती हैं, ने शिकायत की कि उनके परिवार द्वारा लगभग 50 वर्षों से घूरा डालने के लिए उपयोग की जा रही गाटा संख्या 285 की जगह पर गांव के एक दलित व्यक्ति द्वारा कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बरौर थाने की पुलिस पर उन्हें और उनके परिवार को परेशान करने का भी आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई। इसी प्रकार, गौसगंज मूसानगर निवासिनी रूकसाना ने बताया कि निकटवर्ती ग्राम हलिया में स्थित उनके प्लाट पर एक दबंग व्यक्ति जबरन कब्जा करना चाहता है। कस्बा मूसानगर निवासिनी श्यामा देवी सविता ने शिकायत की कि उनकी 50 वर्षों से पुरानी सब्जी मंडी में रखी लोहे की गुमटी को एक दबंग व्यक्ति ने हटवा दिया है, जिससे उनके परिवार के सामने भरण-पोषण का संकट आ गया है। ग्राम भड़ावल, थाना डेरापुर निवासी रामविलास ने बताया कि गांव के एक व्यक्ति के खिलाफ गोवध अधिनियम का मुकदमा चल रहा है, जिसने डेरापुर पुलिस से मिलकर उनके बच्चों के खिलाफ फर्जी मामला (दफा 127/2024) दर्ज कराया है। ग्राम हलिया के मजरा नया पुरवा निवासिनी गीता निषाद ने भी अपनी पुश्तैनी कृषि भूमि गाटा संख्या 162 पर कुछ दबंग व्यक्तियों द्वारा कब्जा करने की कोशिश की शिकायत की और न्याय की मांग की। इन प्रमुख समस्याओं के अलावा, अमर सिंह पाल (दिबैर), सुरेश कटियार (टुटईचांद), मनोज सिंह (गिरधरपुर), किशन नारायण (बिरमा), सुदर्शन लाल (रसूलपुर कुरवा खुर्द) सहित लगभग 200 अन्य फरियादियों ने भी अपनी-अपनी समस्याएं मंत्री के सामने रखीं।

जनता दर्शन के दौरान आई सभी समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री के प्रतिनिधि अशोक कुमार सचान, पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि करुणा शंकर दिवाकर, नगर पंचायत मूसानगर चेयरमैन प्रतिनिधि विनोद निषाद, तहसीलदार भोगनीपुर डॉक्टर प्रिया सिंह, भोगनीपुर के कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह, पुखरायां विद्युत विभाग के एसडीओ योगेंद्र यादव सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

anas quraishi
Author: anas quraishi

Sabse pahle

Related Articles

AD
Back to top button