आसमान से बरस रही आग! हीट वेव के बीच स्वास्थ्य विभाग ने जारी की गाइडलाइन, जरा सी चूक पड़ेगी भारी
दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर निकलने वाले पढ़ लें यह जरूरी सलाह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया बचने का अचूक तरीका

कानपुर देहात में पिछले कई दिनों से सूरज की तपिश और भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। लगातार चल रही तेज धूप और हीट वेव के कारण हालात बदतर होते जा रहे हैं। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान में और अधिक भारी वृद्धि होने की पूरी संभावना है। इस जानलेवा गर्मी और लू के प्रकोप से आम जनता को सुरक्षित रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर एके सिंह ने नागरिकों को लू से बचने और पूरी तरह स्वस्थ रहने के लिए एक बेहद जरूरी गाइडलाइन जारी की है। उन्होंने कहा है कि इस मौसम में थोड़ी सी भी लापरवाही सेहत पर भारी पड़ सकती है। स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों की सहूलियत के लिए क्या करना है और किन चीजों से पूरी तरह परहेज करना है, इसकी विस्तृत सूची जारी की है।
गर्मी के मौसम में क्या करें
भीषण गर्मी से खुद को सुरक्षित रखने के लिए दिन के समय बिना किसी जरूरी काम के घर से बाहर निकलने से बचें। अगर बाहर जाना बेहद जरूरी हो, तो अपने साथ पानी की बोतल हमेशा रखें। शरीर को हमेशा हाइड्रेटेड रखना इस मौसम में सबसे ज्यादा जरूरी है, इसलिए प्यास न लगने पर भी थोड़ी-थोड़ी देर में पानी पीते रहें। इसके अलावा घर में बने ओआरएस घोल, नींबू पानी, लस्सी, मट्ठा और छांछ का नियमित सेवन करें। अपने दैनिक आहार में तरबूज, खरबूजा, खीरा और ककड़ी जैसे ताजे मौसमी फलों को प्रमुखता से शामिल करें। बाहर निकलते समय हल्के रंग के, ढीले-ढाले सूती कपड़े ही पहनें और धूप से बचने के लिए छाता, टोपी, चश्मा व जूतों का इस्तेमाल अनिवार्य रूप से करें। अपने घरों को ठंडा रखने के लिए खिड़कियों पर परदों का प्रयोग करें और रात के समय खिड़कियां खुली रखें ताकि ठंडी हवा अंदर आ सके।
भूलकर भी क्या न करें
दोपहर 12:00 बजे से लेकर शाम 4:00 बजे के बीच का समय सबसे खतरनाक होता है, इसलिए इस पीक आवर्स के दौरान तेज धूप में बाहर जाने से पूरी तरह बचें। दोपहर के इस वक्त में किसी भी तरह का कठिन शारीरिक श्रम या भारी काम न करें। बिना पर्याप्त कपड़े पहने या शरीर को बिना ढके घर से बाहर कदम न रखें। चाय, कॉफी, शराब और कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक्स जैसी चीजों के सेवन से पूरी तरह दूरी बना लें, क्योंकि ये पेय पदार्थ शरीर में पानी की तेजी से कमी यानी डिहाइड्रेशन पैदा करते हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने विशेष तौर पर सचेत किया है कि किसी भी तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्या या इमरजेंसी होने पर तत्काल एम्बुलेंस सेवा के लिए 108 नंबर पर कॉल करें। तबीयत बिगड़ने पर तुरंत अपने नजदीकी प्राथमिक या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर ही डॉक्टरों से उचित जांच और मुफ्त इलाज कराएं। किसी भी दशा में किसी अप्रशिक्षित या झोलाछाप चिकित्सक के पास जाकर अपनी जान जोखिम में न डालें।
ये भी पढे- रूरा में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी का भंडाफोड़, चार के खिलाफ केस, दर्ज दो गिरफ्तार



