बेसिक शिक्षा विभाग बच्चों को कराएगा एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण
बच्चों का मानसिक विकास कराने के उद्देश्य से शासन ने उन्हें महत्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थलों का शैक्षिक भ्रमण कराने की योजना बनाई है। पत्र में एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण के लिए बच्चों को शैक्षिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कराते हुए उन्हें जानकारी देने को कहा गया है।

अमन यात्रा, लखनऊ/ कानपुर देहात। बच्चों का मानसिक विकास कराने के उद्देश्य से शासन ने उन्हें महत्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थलों का शैक्षिक भ्रमण कराने की योजना बनाई है। पत्र में एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण के लिए बच्चों को शैक्षिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कराते हुए उन्हें जानकारी देने को कहा गया है। कक्षा में टॉपर बच्चों का चयन करने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए महानिदेशक विजय किरन आनंद ने बीएसए/एएओ को पत्र भेजकर जनपद में संचालित परिषदीय स्कूलों में अध्ययनत 200 बच्चों का चयन करने का निर्देश दिया है। भ्रमण के दौरान बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण हेतु समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रति 20 बच्चों पर एक शिक्षक, शिक्षिका अर्थात कुल 10 शिक्षक, शिक्षिकाओं की ड्यूटी संपूर्ण भ्रमण हेतु लगाई जाएगी। शिक्षक शिक्षिकाओं की देखरेख में ही सुरक्षित अध्ययन यात्रा सुनिश्चित की जाएगी। इस भ्रमण को 6 दिसंबर 2022 से 14 दिसंबर 2022 के मध्य ही कराना होगा। इसके लिए प्रति जनपद 75000 रूपये की धनराशि प्रदान की गई है। नाश्ता भोजन आदि हेतु प्रति छात्र/छात्रा 100 रूपये की धनराशि निर्धारित की गई है। बीएसए ने बच्चों का चयन करते हुए तीन दिन में चयनित बच्चों की सूची कार्यालय में जमा करने का आदेश दिया है। तय समय सीमा में बच्चों के चयन की सूची प्राप्त नहीं होने पर कार्यवाही की चेतावनी दी गई है।
ये भी पढ़े- चंदौली सहित 10 जिलों में शुरू होगा काम, होगा एक छत के नीचे, 400 करोड़ का पायलट प्रोजेक्ट…..
भ्रमण पर आने वाले खर्च की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति देेते हुए धनावंटन कर दिया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी को भ्रमण का दायित्व सौंपा गया है। महानिदेशक ने शैक्षिक भ्रमण मद में आवंटित धनराशि का उपभोग कर प्रमाण पत्र देने को कहा है।



