कानपुर देहात की डेरापुर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 38 शिकायतें आईं—जीरो निस्तारण
राजस्व विभाग की 19, पुलिस की 6, विकास की 5, विद्युत की 6 तथा पूर्ति विभाग की 2 शिकायतें शामिल रहीं।

डेरापुर: तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन एडीएम दुष्यंत कुमार मौर्य की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस दौरान कुल 38 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से किसी का भी मौके पर निस्तारण नहीं किया जा सका। शिकायतों में अंबियापुर निवासी विश्वनाथ पुत्र मातादीन ने उप जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उनका मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है, लेकिन संबंधित हल्का लेखपाल द्वारा न्यायालय में रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की गई है। साथ ही लेखपाल पर ₹5000 रुपये लेने का भी आरोप लगाया गया। इस पर उप जिलाधिकारी ने राजस्व निरीक्षक को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वहीं इन्दरुख गांव निवासी राजकुमार दीक्षित पुत्र विद्याधर दीक्षित ने शिकायत करते हुए बताया कि गांव सभा की भूमि पर राम सिंह केवट द्वारा मंदिर जाने वाले रास्ते को अवरुद्ध कर दिया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी हो रही है।
प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 19, पुलिस की 6, विकास की 5, विद्युत की 6 तथा पूर्ति विभाग की 2 शिकायतें शामिल रहीं।
इस अवसर पर एसडीएम शिखा संखवार, तहसीलदार जितेंद्र कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी सौरभ वर्मा, अधिशासी अधिकारी कुलकमल सिंह,प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डेरापुर डॉ. अशोक कुमार, खंड विकास अधिकारी विश्राम सिंह, समाज कल्याण सुपरवाइजर प्रिया कटियार, पूर्ति निरीक्षक राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
वहीं खंड विकास अधिकारी झींझक, समाज कल्याण अधिकारी,झींझक , क्षेत्रीय वन अधिकारी झींझक, अधिशासी अधिकारी झींझक और अधिशासी अधिकारी कंचौसी अनुपस्थित पाए गए। अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है और 3 दिन के भीतर संतोषजनक जवाब न मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।



