नकली नोटों के काले धंधे का भंडाफोड़: अकबरपुर पुलिस और एसओजी ने दो जालसाजों को दबोचा
सावधान! बाजार में खपाए जा रहे थे 100 और 200 के नकली नोट, अकबरपुर पुलिस ने प्रिंटर समेत पकड़ा गिरोह

कानपुर देहात में आर्थिक अपराध और जालसाजी के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना अकबरपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने नकली नोट छापने और उन्हें बाजार में खपाने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
नहर पटरी के पास घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
जनपद में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी। इसी आधार पर अकबरपुर पुलिस और एसओजी की टीम ने जगजीवनपुर से स्वरूपपुर जाने वाले मार्ग पर समर बेली वाटर पार्क के पास घेराबंदी की। पुलिस ने नहर पटरी से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया, जिनकी तलाशी लेने पर उनके पास से भारी मात्रा में नकली नोट बरामद हुए।
आधी कीमत पर बेचते थे नकली करेंसी
पकड़े गए आरोपियों की पहचान रामशंकर चौहान (निवासी चौबेपुर, कानपुर नगर) और धर्मेन्द्र सिंह उर्फ अर्जुन सिंह (निवासी दादा नगर, कानपुर नगर) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वे घर पर ही कलर प्रिंटर के माध्यम से 100 और 200 रुपये के नोट छापते थे। इन नकली नोटों को वे असली रुपयों की आधी कीमत पर बाजार में बेच देते थे और उससे मिलने वाले मुनाफे को आपस में बांट लेते थे।
प्रिंटर और हजारों के नकली नोट बरामद
पुलिस ने अभियुक्त रामशंकर की निशानदेही पर उसके घर से नोट छापने में इस्तेमाल होने वाला काले रंग का एप्सन (EPSON) प्रिंटर बरामद किया है। आरोपियों के पास से कुल 78,500 रुपये के नकली नोट मिले हैं, जिनमें 100-100 रुपये के 491 नोट और 200-200 रुपये के 147 नोट शामिल हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
आधिकारिक बयान
“अकबरपुर पुलिस और एसओजी टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए नकली नोट बनाने वाले गिरोह को पकड़ा है। इनके कब्जे से 78,500 रुपये की नकली करेंसी और प्रिंटर बरामद हुआ है। इस गिरोह के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है ताकि बाजार में फैली नकली करेंसी पर लगाम लगाई जा सके।” – पुलिस विभाग, कानपुर देहात
ये भी पढ़े- प्रोजेक्ट नई किरण: बिखरते घरों में फिर लौटी रौनक, कानपुर देहात पुलिस ने कराई दो जोड़ों की घर वापसी



