कानपुर देहात: पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने नवागंतुक आरक्षियों को सिखाया पुलिसिंग का पाठ, थानों में जाकर परखी कार्यप्रणाली
उन्होंने चेतावनी दी कि वर्दी में रील बनाना या अमर्यादित वीडियो अपलोड करना अनुशासनहीनता मानी जाएगी।

कानपुर देहात की पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने आज थाना अकबरपुर और थाना रनियां का औचक भ्रमण कर जनपद में नवनियुक्त होकर आए रिक्रूट आरक्षियों के साथ एक महत्वपूर्ण परिचयात्मक बैठक की।
इस दौरान उन्होंने सभी नवागत आरक्षियों को पुलिस सेवा की गरिमा और कार्यशैली की बारीकियों से अवगत कराते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने जोर देते हुए कहा कि सभी आरक्षी अपने वरिष्ठ अधिकारियों और थाना प्रभारियों से कानूनी प्रक्रियाओं, एफआईआर लेखन, साक्ष्य संकलन और गश्ती व्यवस्था को बारीकी से सीखें ताकि भविष्य में कार्य के दौरान किसी भी प्रकार का संशय न रहे।
विशेष रूप से जन केंद्रित पुलिसिंग पर बल देते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाने पर आने वाले प्रत्येक पीड़ित की बात को अत्यंत धैर्य और सहानुभूति के साथ सुनें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस का व्यवहार जनता के प्रति मृदुल होना चाहिए जिससे आम नागरिक बिना किसी डर के अपनी समस्याएं साझा कर सकें। इसके साथ ही वर्तमान डिजिटल युग की चुनौतियों को देखते हुए सोशल मीडिया पॉलिसी के कड़ाई से पालन के निर्देश दिए गए।
उन्होंने चेतावनी दी कि वर्दी में रील बनाना या अमर्यादित वीडियो अपलोड करना अनुशासनहीनता मानी जाएगी। सभी आरक्षियों को भारतीय न्याय संहिता के साथ मानवाधिकारों और महिला सुरक्षा कानूनों की गहराई से समझ विकसित करने के लिए प्रेरित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ कर्तव्य निभाने की शुभकामनाएं दीं।



