न्याय पंचायत गुरुगाँव का गौरव: गणित ओलम्पियाड में आलिया ने जिले में लहराया परचम
ब्लॉक स्तर पर सफलता के बाद अब जिला स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त कर बढ़ाया मान

पुखरायां: मलासा ब्लॉक के न्याय पंचायत गुरुगाँव के अंतर्गत आने वाले संविलियन विद्यालय हीरापुर की होनहार छात्रा आलिया ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। कक्षा 8 की छात्रा आलिया ने जिला स्तरीय गणित ओलम्पियाड 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
यह प्रतियोगिता 18 नवंबर 2025 को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) पुखरायां में आयोजित की गई थी। इस कड़े मुकाबले में जिले भर से आए लगभग 100 बच्चों ने प्रतिभाग किया था, जिसमें आलिया ने अपनी बौद्धिक क्षमता का परिचय देते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
इससे पूर्व 8 नवंबर 2025 को मदर इंडिया पब्लिक स्कूल देवीपुर में ब्लॉक स्तरीय गणित ओलम्पियाड प्रतियोगिता संपन्न हुई थी। वहां मलासा ब्लॉक के लगभग 65 बच्चों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद आलिया ने तीसरा स्थान प्राप्त किया था और जिले के लिए अपना चयन पक्का किया था।
इस शानदार सफलता पर नोडल संकुल शिक्षक रजनीश सक्सेना ने छात्रा को बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय द्विवेदी, सहायक अध्यापिका गीतांजलि, नमिता, अमिता सचान और शोभा ने आलिया की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। शिक्षकों का कहना है कि आलिया की यह सफलता अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।



