पुखरायां के रामस्वरूप ग्राम उद्योग महाविद्यालय में खेल महोत्सव का भव्य समापन, नरगिस और अनुज बने चैंपियन
स्थानीय रामस्वरूप ग्राम उद्योग परास्नातक महाविद्यालय में सत्र 2025-26 की वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिताओं का पुरस्कार वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ, जिसमें बालिका वर्ग में नरगिस और बालक वर्ग में अनुज कुमार को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 'स्पोर्ट्स चैंपियन' के खिताब से नवाजा गया

पुखरायां (कानपुर देहात)। रामस्वरूप ग्राम उद्योग परास्नातक महाविद्यालय में सत्र 2025-26 की वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिताओं का पुरस्कार वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ, जिसमें बालिका वर्ग में नरगिस और बालक वर्ग में अनुज कुमार को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘स्पोर्ट्स चैंपियन’ के खिताब से नवाजा गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंधक श्रीप्रकाश द्विवेदी, प्रधानाचार्य अखिलेश द्विवेदी, ब्लॉक प्रमुख स्वतंत्र पासवान और प्राचार्य प्रो. हरीश कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया, जिसमें विशेष रूप से भुवनेश्वर विश्वविद्यालय की ऊंची कूद प्रतियोगिता में कॉलेज का नाम रोशन करने वाले छात्र अनुज कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान लंबी कूद, गोला फेंक, चक्का फेंक, खो-खो, शूटिंग और बैडमिंटन जैसी विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं को मेडल, शील्ड व प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि स्वतंत्र पासवान ने विद्यार्थियों को ‘असफलता से सफलता’ की सीख दी, वहीं प्राचार्य प्रो. हरीश कुमार सिंह और प्रबंधक श्रीप्रकाश द्विवेदी ने खेलों को शारीरिक-मानसिक विकास एवं राष्ट्र निर्माण का आधार बताते हुए खिलाड़ियों को मेजर ध्यानचंद जैसे महान व्यक्तित्वों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। इग्नू समन्वयक डॉ. पर्वत सिंह के संचालन में आयोजित इस कार्यक्रम में क्रीड़ा प्रशिक्षक संजय सिंह सहित प्रो. सविता गुप्ता, डॉ. जितेंद्र कुमार व समस्त महाविद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
ये भी पढ़े- शिवली में बकरी चराने गया युवक लापता,रिंद नदी के पास से हुआ गायब



