पुखरायां सड़क हादसे में समाजसेवी प्रहलाद सचान का दुखद निधन; अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
सर्वदलीय नेताओं ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि; पटेल चौक पर ओवरब्रिज की मांग फिर उठी
सुनीत श्रीवास्तव,कानपुर देहात: जनपद के भोगनीपुर तहसील क्षेत्र में, पुखरायां कस्बे का पटेल चौक बीते सोमवार को एक दर्दनाक हादसे का गवाह बना। तेज रफ्तार डम्पर ट्रक अनियंत्रित होकर एक स्कार्पियो और बाइक पर पलट गया। इस भीषण दुर्घटना में स्कार्पियो सवार चार लोगों में एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार जरेलापुर निवासी समाजसेवी प्रहलाद सचान डम्फर के नीचे दब गए और मौके पर ही उनका निधन हो गया।
समाज के लिए उनके योगदान को देखते हुए, आज जब उनके निज निवास जरेलापुर से हलिया घाट मूसानगर के लिए उनकी अंतिम यात्रा निकली, तो जनसैलाब उमड़ पड़ा। सड़क के दोनों ओर हजारों की संख्या में क्षेत्रीय जनता और सर्वदलीय नेताओं का जमावड़ा लगा रहा।
सर्वदलीय नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
अंतिम यात्रा में समाजवादी पार्टी के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष और सांसद फतेपुर नरेश उत्तम पटेल, जालौन गरौठा भोगनीपुर के सांसद नारायण दास अहिरवार, उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष अरुण कुमार बब्लू राजा, समाजवादी पार्टी भोगनीपुर विधानसभा अध्यक्ष राघव अग्निहोत्री, भाजपा जिला अध्यक्ष रेणुका सचान, नगर पालिका पुखरायां अध्यक्ष पूनम दिवाकर, करुणा शंकर दिवाकर, मूसानगर नगर पंचायत अध्यक्ष, भाजपा नेता विजय सोनी, राजेंद्र सोनी, राजेश तिवारी, सत्यम सिंह चौहान, अमित यादव, कंचानमती, संदीप कटिहार, अमन तिवारी, विजय शर्मा और काशिफ खान सहित हजारों लोगों ने नम आँखों से दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और ईश्वर से उन्हें श्री चरणों में स्थान देने की प्रार्थना की।
ओवरब्रिज की मांग
इस दुखद घटना के बाद, एक बार फिर पटेल चौक पर ओवरब्रिज बनाए जाने की मांग तेज हो गई है। नेताओं और क्षेत्रीय लोगों ने कहा कि यह चौराहा हमेशा भीड़भाड़ वाला रहता है और ओवरब्रिज न होने के चलते यहाँ आए दिन हादसे होते रहते हैं।
ये भी पढ़े- कानपुर: जनता दर्शन में बुजुर्ग मां की व्यथा सुनी, जिलाधिकारी ने थामे आंसुओं से भीगे हाथ



