कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

पुलिस लाइन में बच्चों का जश्न: ‘वामा सारथी’ ने किया बाल दिवस खेल प्रतियोगिता का शानदार आयोजन

एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के पर्यवेक्षण में हुआ आयोजन, रोजवुड हाउस ने जीती चल वैजयंती ट्रॉफी।

कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार कल्याण संघ ‘वामा सारथी’ के तत्वावधान में आज जनपद कानपुर देहात रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में बाल दिवस-2025 के उपलक्ष्य में बच्चों के लिए एक भव्य खेल कूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के कुशल पर्यवेक्षण में और वामा सारथी अध्यक्षा सुरभि पांडेय के नेतृत्व में यह आयोजन बच्चों में उत्साह, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने के उद्देश्य से किया गया।

रोज़वुड हाउस ने जीती ट्रॉफी

इस चिल्ड्रन डे स्पोर्ट प्रतियोगिता में पुलिस परिवार के बच्चों और परिवारीजनों को दो ग्रुपों में विभाजित किया गया: प्रथम ग्रुप- ड्रेगन हाउस और द्वितीय ग्रुप- रोजवुड हाउस। विभिन्न उम्र के ग्रुपों में कई रोमांचक खेल प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिनमें लॉन्ग जम्प, हाई जम्प, 400 मीटर रेस, स्पून-मारबल रेस, थ्री लेग रेस और बच्चा व माँ की बेटन रेस शामिल थीं।

प्रतियोगिता के अंत में, सबसे अधिक मेडल रोजवुड हाउस के प्रतिभागियों ने जीते और शानदार प्रदर्शन के बल पर चल वैजयंती ट्रॉफी अपने नाम की। प्रत्येक प्रतियोगिता के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मेडल प्रदान कर पुरस्कृत किया गया।

टीम वर्क और स्वास्थ्य प्रतिस्पर्धा का महत्व

वामा सारथी अध्यक्षा सुरभि पांडेय ने इस अवसर पर प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए टीम वर्क, खेल भावना और स्वास्थ्य प्रतिस्पर्धा के महत्व को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि वामा सारथी के माध्यम से उनका प्रयास पुलिस परिवार के बच्चों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहना है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में अनुशासन, टीम भावना एवं पुलिस के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में सहायक सिद्ध होते हैं।

Related Articles

AD
Back to top button