ड्यूटी जाते गार्ड को कंटेनर ने कुचला, रनियां-मैथा रोड पर शव रखकर ग्रामीणों ने किया हंगामा
परसौली चौराहे पर हादसा; उच्च अधिकारियों के आश्वासन पर खुला जाम, पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

रनियां। रनियां मैथा मार्ग पर परसौली चौराहा के समीप एक तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। बाइक सवार युवक की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। चालक कंटेनर लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव को सड़क में रखकर जाम लगा हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने काफी देर परिजनो को समझाने का प्रयास किया तब जाकर परिजन माने, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इधर घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पांडेय, सीओ संजय वर्मा, एसडीएम मैथा राजकुमार पांडेय , इंस्पेक्टर रनिया शिवनारायण सिंह घटनास्थल पर पहुंचे।
रूरा थाना क्षेत्र के अलियापुर गांव निवासी संतोष कुमार उम्र लगभग 35 वर्ष पुत्र स्वर्गीय मोहन बाज रनिया के राजेंद्रा स्थित एक फैक्ट्री में गार्ड की नौकरी करते हैं। शनिवार की सुबह वह ड्यूटी जा रहे थे, जैसे ही वह परसौली पहुंचे तभी ओवरटेक के दौरान एक कंटेनर ने बाइक सवार संतोष कुमार को जोरदार टक्कर मार दी। घटना स्थल पर ही युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी गांव पहुंची तो कोहराम मच गया।
आनन फानन में परिजन घटना स्थल पहुंचे, गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर रनिया मैथा रोड पर जाम लगा दिया। इधर घटना की जानकारी पर इंस्पेक्टर रनिया एस एन सिंह फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और हंगामा कर रहे ग्रामीणों को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण नहीं माने। घटना की जानकारी पर सीओ संजय वर्मा, एसडीएम मैथा राजकुमार पांडेय, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पांडेय सहित कई थानों का कोर्स मौके पर पहुंचा।
उच्च अधिकारियों के काफी समझाने के बाद परिजन माने, पुलिस ने तुरंत शव को पीएम के लिए भिजवाया। इधर घटना के बाद मृतक की पत्नी अंजू तथा बच्चे प्रमोद, सोनू और राम जी का रो-रोकर बुरा हाल था। इस संबंध में इंस्पेक्टर रनिया एसएन सिंह ने बताया कि शव को पीएम के लिए भिजवाया गया है, कैमरे की मदद से वाहन तथा चालक का पता लगाया जा रहा है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।



