कानपुर देहात: पुखरायां में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर पोती कालिख, माहौल बिगाड़ने की कोशिश पर पुलिस सख्त
सूचना पर पहुंचे बसपा मंडल इंचार्ज जितेन्द्र संखवार, प्रतिमा की कराई गई सफाई और माल्यार्पण
कानपुर देहात: जनपद की नगर पालिका परिषद पुखरायां के वार्ड नंबर 1 चौधरी चरण सिंह नगर, परेहरापुर में अराजक तत्वों द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर कालिख पोतने का मामला सामने आया है। इस घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही बहुजन समाज पार्टी कानपुर मंडल के मुख्य इंचार्ज जितेन्द्र संखवार तुरंत मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
घटना की सूचना पर पुलिस प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत प्रतिमा की सफाई कराई और आक्रोशित लोगों को शांत कराया। प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि माहौल बिगाड़ने और ऐसा घृणित कृत्य करने वाले शरारती तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद सैकड़ों की संख्या में उपस्थित अनुयायियों ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर फूल-मालाएं पहनाईं और पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस दौरान महेश गौतम, आजाद, आकाश, दिलीप संखवार, देवेंद्र उर्फ पप्पू, मनीष, पीयूष संखवार, मुकेश संखवार, सोमदत्त, राघवेंद्र अध्यापक, हरिशंकर, विमल, छोटू, गोरे, प्रमोद, वासुदेव, अमर सिंह, रामचंद्र, रामबाबू, महेंद्र गौतम, विशंभर, राजवीर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।



