मूसानगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: घर में चोरी करने वाला शातिर अभियुक्त गिरफ्तार, नकदी और जेवर बरामद
जनपद में आपराधिक घटनाओं की रोकथाम और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत मूसानगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।

कानपुर देहात | जनपद में आपराधिक घटनाओं की रोकथाम और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत मूसानगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने चोरी की घटना को अंजाम देने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई नकदी और चांदी के जेवर बरामद किए हैं।
चोरी की घटना का खुलासा
पूरा मामला ग्राम नयापुरवा (हलिया) का है, जहाँ तारावती पत्नी रामकेश के घर में बीती 27/28 मार्च की रात्रि अज्ञात चोर ने घुसकर कमरे में रखे 35,000 रुपये और सोने-चांदी के जेवर पार कर दिए थे। पीड़िता की तहरीर पर मूसानगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 28/2026 दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई थी। साक्ष्य संकलन और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भोगनीपुर-घाटमपुर हाईवे पर हलिया मोड़ तिराहे के पास से अभियुक्त ध्रुव सिंह (26 वर्ष) पुत्र ओमप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी और अभियुक्त का कबूलनामा
पुलिस की पूछताछ में अभियुक्त ध्रुव सिंह ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने ही गांव की तारावती के घर में चोरी की थी। अभियुक्त के पास से चोरी किए गए रुपयों में से शेष 23,100 रुपये नकद और एक जोड़ी सफेद धातु की पायल (वजन लगभग 35 ग्राम) बरामद हुई है। अभियुक्त ने बताया कि उसने सोने की अंगूठी और मंगलसूत्र राह चलते लोगों को बेच दिया था और उन पैसों सहित चोरी की कुछ नकदी खर्च कर दी थी। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में सुसंगत धाराओं की बढ़ोतरी कर अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
अपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्त ध्रुव सिंह शातिर किस्म का अपराधी है। इसके विरुद्ध जनपद जालौन के कोतवाली कालपी में भी चोरी का मुकदमा दर्ज है। इस सराहनीय कार्य को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रीना गौतम, उपनिरीक्षक सुनील कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक किरनपाल नागर, कांस्टेबल सत्यवीर सिंह और कांस्टेबल गोविन्द यादव शामिल रहे।



