बड़ी मांग: “शिलान्यास हुआ तो नाम क्यों नहीं?” प्रतिभा शुक्ला ने शिवली सीएचसी के लिए उठाई आवाज।
राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने मुख्यमंत्री योगी को लिखा पत्र, प्रशासनिक चूक पर जताई आपत्ति।

कानपुर देहात: जनपद की सदर विधायक और उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर मैथा ब्लॉक के जुगराजपुर शिवली में नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का नामकरण भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर करने का जोरदार आग्रह किया है। राज्यमंत्री ने इस मुद्दे को क्षेत्रीय जनभावनाओं और ऐतिहासिक तथ्यों से जोड़ते हुए पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया है।
राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि वर्ष 2018 में लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से इस सीएचसी का शिलान्यास श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से ही किया गया था। अब जबकि भवन पूरी तरह तैयार है और संचालन की स्थिति में है, तब भी उस पर अटल जी का नाम अंकित न होना एक गंभीर प्रशासनिक लापरवाही है। उन्होंने कहा कि यह सीएचसी अकबरपुर–रनिया विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचल के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, जिससे करीब 50 गांवों के लोगों को घर के पास ही बेहतर इलाज मिल सकेगा।
पत्र में एक अत्यंत महत्वपूर्ण और भावनात्मक पहलू का जिक्र करते हुए मंत्री ने बताया कि सीएचसी से कुछ ही दूरी पर स्थित ग्राम गहलो में अटल जी की बुआ इंद्रवासिनी निवास करती थीं। अटल जी का इस गांव और क्षेत्र से गहरा पारिवारिक जुड़ाव रहा है और वे अक्सर यहाँ अपनी बुआ से मिलने आया करते थे। ऐसे में इस सीएचसी का नाम उनके नाम पर रखना उनके प्रति एक सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
राज्यमंत्री ने इस संबंध में जिलाधिकारी कपिल सिंह से भी फोन पर वार्ता की है और मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि जल्द से जल्द इस त्रुटि को सुधारते हुए सीएचसी का विधिवत नामकरण भारतरत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर सुनिश्चित किया जाए।



