कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज
एडीजी कानपुर जोन ने की अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की गहन समीक्षा
गोष्ठी में अपर पुलिस महानिदेशक महोदय द्वारा थाने पर प्राप्त प्रत्येक छोटी घटना का संज्ञान लेकर उसका तत्काल एवं यथोचित निराकरण करने पर जोर दिया गया।

कानपुर देहात: आज पुलिस लाइन सभागार कक्ष में अपर पुलिस महानिदेशक महोदय, कानपुर जोन, कानपुर, आलोक सिंह ने पुलिस अधीक्षक महोदया जनपद कानपुर देहात, श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय की उपस्थिति में गोष्ठी आयोजित की। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त क्षेत्राधिकारीगण तथा समस्त थाना प्रभारी, शाखा और इकाई प्रभारियों के साथ अपराध नियन्त्रण तथा कानून-व्यवस्था की समीक्षा की गई एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
गोष्ठी में अपर पुलिस महानिदेशक महोदय द्वारा थाने पर प्राप्त प्रत्येक छोटी घटना का संज्ञान लेकर उसका तत्काल एवं यथोचित निराकरण करने पर जोर दिया गया। उन्होंने महिला सम्बन्धी अपराधों का तत्काल संज्ञान लेने तथा आवश्यक विधिक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आईजीआरएस और जनसुनवाई प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की गई तथा जनपद की रैंकिंग में सुधार लाने और संतोषजनक फीडबैक सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सम्बन्धित विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। गैंगेस्टर अधिनियम की धारा 14(1) के अन्तर्गत की गई कार्यवाही की भी समीक्षा हुई। महोदय द्वारा जनपदीय अभिसूचना तंत्र को सक्रिय कर समस्त प्रकार के प्रतिबन्धित संगठनों, अवैध शस्त्रों, कारतूसों, शराब, विस्फोटक पदार्थों और मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए सतर्क दृष्टि रखने हेतु निर्देशित किया गया।
सोशल मीडिया पर जातिगत, साम्प्रदायिक, भ्रामक तथा अफवाह फैलाने वाली पोस्ट पर त्वरित विधिक कार्यवाही करने और उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश भी दिए गए। न्यायालयों से सम्बन्धित नोटिस, वारंट, एनबीडब्लू और बीडब्लू आदि नियत तिथि से पूर्व ही तामील कराने हेतु निर्देशित किया गया। मिशन शक्ति अभियान 5.0 और ऑपरेशन कन्विक्शन के प्रभावी क्रियान्वयन के सम्बन्ध में समीक्षा की गई। यातायात माह के दृष्टिगत प्रमुख सड़कों, चौराहों पर सीट बेल्ट, शराब पीकर वाहन न चलाने, ओवरलोडिंग रोकथाम और काली फिल्म के प्रति जागरूकता फैलाने तथा सड़क सुरक्षा संकेतों का स्वयं पालन करने हेतु निर्देश दिए गए।
अपर पुलिस महानिदेशक महोदय द्वारा अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने, भूमि विवाद से सम्बन्धित प्रकरणों में निरोधात्मक कार्यवाही करने के सम्बन्ध में समस्त क्षेत्राधिकारीगण, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी तथा हल्का प्रभारी को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित भ्रमण करने हेतु निर्देशित किया गया। सभी थाना प्रभारियों को चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रात्रि गश्त के दौरान नियमित रूप से भ्रमणशील रहने आदि के सम्बन्ध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मिशन शक्ति अभियान को सफल बनाने हेतु महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने, साइबर अपराधों की रोकथाम हेतु अभियान चलाकर आम-जनमानस को जागरूक करने, लम्बित शिकायती प्रार्थना पत्रों तथा अपहृताओं की शीघ्र बरामदगी करने के सम्बन्ध में भी निर्देश दिए गए।
–



