नवरात्रि/दशहरा से पहले कानपुर देहात में मिलावट रोकने के लिए अभियान तेज
खाद्य सुरक्षा विभाग ने 11 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए, जांच के लिए भेजे गए

कानपुर देहात– आगामी नवरात्रि और दशहरा त्योहारों के मद्देनजर, कानपुर देहात में खाद्य पदार्थों में मिलावट को रोकने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ और जिलाधिकारी, कानपुर देहात के निर्देशों के तहत यह कार्रवाई की जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य व्रत में इस्तेमाल होने वाली मिठाइयों, दुग्ध उत्पादों, घी, कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा, सूखे मेवे और अन्य फलाहार की गुणवत्ता सुनिश्चित करना है।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II राम अवतार सिंह के नेतृत्व में, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की एक टीम ने जिले के विभिन्न हिस्सों में छापेमारी की। इस दौरान महेंद्र नाथ सिंह यादव, प्रदीप कुमार, दिनेश चंद्र, राम बिहारी और डॉ. राम तेज जैसे अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए कुल 11 खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए।
ये नमूने जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला में भेजे गए हैं। अभियान के दौरान जिन स्थानों और खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए, उनका विवरण इस प्रकार है:
- आलमपुर खेड़ा, रसूलाबाद: हल्दी पाउडर और सरसों का तेल
- असालतगंज, रसूलाबाद: किशमिश और सोनपापड़ी
- बादशाहपुर, रसूलाबाद: खोया और दूध
- राजपुर और मदनपुर, सिकंदरा: दूध
- राजेंद्रा चौराहा, फत्तेपुर रोशनाई, अकबरपुर: सिंघाड़ा आटा और साबूदाना
- कहिंजरी, रसूलाबाद: साबूदाना
यह अभियान त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और मिलावट रहित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े- भोगनीपुर में यमुना नदी के किनारे मिला अधेड़ का शव



