कानपुर देहात: रसूलाबाद पुलिस का बड़ा एक्शन, नाबालिग से हैवानियत करने वाला वांछित आरोपी रवि कुमार गिरफ्तार
अपहरण के बाद नाबालिग से किया था दुष्कर्म, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा, कोर्ट में पेश करने की तैयारी

कानपुर देहात: जनपद कानपुर देहात में महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रसूलाबाद थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने एक नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम देने के मामले में वांछित चल रहे एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस मुस्तैद कार्रवाई से क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
गुमशुदगी से शुरू हुई थी तफ्तीश, जांच में सामने आई हैवानियत की बात
मामले के अनुसार, बीते 10 मई को वादी ने अपनी नाबालिग पुत्री के घर से अचानक लापता हो जाने के संबंध में रसूलाबाद थाने में एक लिखित तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर पीड़िता की तलाश शुरू की थी। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए जब अपहृता को बरामद किया और उसका मेडिकल परीक्षण कराने के साथ न्यायालय में बयान दर्ज कराए, तो मामले में सनसनीखेज मोड़ आ गया। पीड़िता के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराएं बढ़ाई गईं। जांच के दौरान इस वारदात में दो आरोपियों नवलपुर निवासी आनंद और ग्राम असन्दा निवासी रवि कुमार के नाम मुख्य रूप से प्रकाश में आए।
मुखबिर की सूचना पर रनियां क्षेत्र से दबोचा गया आरोपी
थाना रसूलाबाद पुलिस टीम लगातार इन वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थी। इसी बीच पुलिस टीम को मुखबिर के जरिए सटीक सूचना मिली कि मामले का एक नामजद आरोपी क्षेत्र से भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जाल बिछाया और रनियां थाना क्षेत्र के ग्राम उमरन से आरोपी रवि कुमार को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए 20 वर्षीय आरोपी रवि कुमार के खिलाफ पुलिस ने विधिक कागजी कार्रवाई पूरी कर ली है और उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है, जबकि मामले के अन्य पहलुओं पर अग्रिम कार्रवाई जारी है। इस कामयाबी को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक रामप्रकाश, कांस्टेबल विनोद पुरी और रिक्रूट कांस्टेबल गौरव कुमार विमल शामिल रहे।



