बेखौफ चोरों का तांडव: कानपुर देहात में शराब ठेके का शटर चीरकर उड़ा ले गए ‘मधुशाला’
चोरों ने दो लाख की शराब, बीयर और 9 हजार की नगदी पर किया हाथ साफ।

कानपुर देहात के शिवली कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। भेवान बस स्टॉप पर स्थित कंपोजिट शराब ठेके को निशाना बनाते हुए अज्ञात बदमाशों ने लाखों की शराब और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। शनिवार सुबह जब ग्रामीणों ने ठेके का टूटा हुआ शटर देखा, तो इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही शिवली पुलिस और उच्चाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर तफ्तीश शुरू कर दी है।
शातिर दिमाग चोर: साथ ले गए सबूतों का ‘पिटारा’
चोरों ने इस वारदात को बेहद योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया। सेल्समैन जय गोपाल के मुताबिक, शुक्रवार रात 10 बजे दुकान बंद कर वह घर गए थे, जिसके बाद चोरों ने धावा बोला। शातिरों ने न केवल करीब दो लाख रुपये की अंग्रेजी शराब और बीयर की पेटियां पार कीं, बल्कि गल्ले में रखे 9 हजार रुपये भी समेट लिए। पकड़े जाने के डर से चोरों ने सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए और पहचान मिटाने के लिए रिकॉर्डिंग वाली डीवीआर (DVR) भी अपने साथ उखाड़ ले गए।
पुलिस महकमे में हलचल, जल्द खुलासे का दावा
वारदात की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पांडेय ने खुद घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और सीसीटीवी फुटेज व मुखबिरों की मदद से चोरों को सलाखों के पीछे भेजा जाए। कंपनी के मैनेजर सुशील की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आसपास के रास्तों पर लगे अन्य कैमरों की मदद से लुटेरों का सुराग लगाने की कोशिश कर रही है।
ये भी पढ़े- गजनेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध तमंचे और कारतूस के साथ शातिर अपराधी टीपू गिरफ्तार



