बड़ी खबर: एसपी कानपुर देहात ने टोलीवार ड्रिल करवाकर जांची परेड की एकरूपता, गार्द कमांडरों को दिए सख्त निर्देश
इस दौरान उन्होंने पुलिस बल की शारीरिक दक्षता और अनुशासन को परखते हुए आवश्यक सुधार हेतु दिशा निर्देश दिए।

अकबरपुर, कानपुर देहात। जनपद कानपुर देहात की पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड की सलामी ली और परेड का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस बल की शारीरिक दक्षता और अनुशासन को परखते हुए आवश्यक सुधार हेतु दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर जोर दिया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जवानों के अनुशासन, समयबद्धता, शिक्षण विधि, फिजिकल ट्रेनिंग और उनके व्यवहारिक ज्ञान में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
परेड निरीक्षण के पश्चात पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने पुलिस बल में एकरूपता और बेहतर समन्वय बनाए रखने के लिए टोलीवार ड्रिल का आयोजन करवाया। उन्होंने स्वयं ड्रिल की बारीकियों को देखा और जवानों का उत्साहवर्धन किया। ड्रिल के उपरांत महोदया ने पुलिस लाइन स्थित आदेश कक्ष का भी निरीक्षण किया। यहाँ उन्होंने सभी गार्द रजिस्टरों की जांच की और अभिलेखों के रखरखाव को लेकर संतोष व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सभी गार्द कमांडरों को महत्वपूर्ण दिशा निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरती जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर पुलिस लाइन के प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। एसपी की इस सक्रियता से पुलिस महकमे में चुस्ती-फुर्ती का माहौल देखा गया।



