कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

रनियां पुलिस की बड़ी कार्यवाई: 50 लाख का अवैध गांजा बरामद, प्लास्टिक बर्तन बेचने की आड़ में कर रहे थे तस्करी 

बंद पड़ी फैक्ट्री से बरामद किया 95 किलो गांजा, दो गिरफ्तार, सरगना फरार

रनिया, आशीष कुमार: रनियां पुलिस को गुरुवार को एक बड़ी सफलता हाथ लगी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रायपुर चौराहे पर बिक्री के लिए खड़े दो गांजा तस्करों को पकड़ा। जबकि सरगना फरार हो गया। पकड़े गए तस्करों की निशानदेही पर पुलिस ने बंद पड़ी फैक्ट्री से एक-एक किलो के बंद पैकेटों में करीब 90 किलो गांजा बरामद किया है। गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपए बताई जा रही है। सूचना पर सीओ सदर भी मौके पर पहुंचे।

रायपुर चौराहे के पास गुरुवार दो व्यक्ति प्लास्टिक के टब बाल्टी की फेरी लगाने वाले खड़े हुए थे। इनकी गतिविधियों पर नजर रखने वाले स्थानीय लोगों को इन पर संदेह था। इसके चलते गुरुवार को लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे इंस्पेक्टर रनियां शिवनारायण सिंह ने दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की तो वे घबरा गए। पुलिस ने तलाशी ली तो उनके पास गांजा बरामद हुआ तो पुलिस व स्थानीय लोग सन्न रह गए । पकड़े गए लोग तस्कर निकले। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने पहाड़पुर रोड पर रिंद नदी के किनारे कानपुर नगर निवासी जीतेन्द्र कुमार की बंद पड़ी फैक्ट्री में छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही तस्करों का सरगना पीछे से भाग निकला। फैक्ट्री में पुलिस ने चार झालो में गांजे के 90 पैकेट बरामद किए हैं।

घटना की जानकारी पर सीओ सदर संजय कुमार सिंह व एसओजी प्रभारी जेपी शर्मा पुलिस टीम के साथ भी मौके पर पहुंचे और गांजे के पैकेटों का वजन कराया। कार्यवाही के दौरान आस-पास के लोगों की भीड़ लग गई। इस संबंध में इंस्पेक्टर रनियां ने बताया कि पकड़े गए दोनों तस्करों ने अपना नाम आर्यन पुत्र अमर सिंह निवासी सचेडी तथा अनुज कुमार पुत्र दीपक निवासी हरजेंदर नगर लाल बंगला थाना चकेरी बताया है।

उन्होंने बताया कि सरगना जिसका नाम धारा सिंह निवासी पतारा घाटमपुर संज्ञान में आया है, जो कि मौके से फरार हो गया है। उन्होंने बताया कि गांजे का वजन लगभग 95 किलो है, ये प्रतिबंधित नशीला पदार्थ है, इसकी अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपए है। इस दौरान एस आई देवेन्द्र पाल सिंह, एस आई धर्मेंद्र सिंह सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

Related Articles

AD
Back to top button