मिशन शक्ति 5.0: कानपुर देहात पुलिस ने चलाया बड़ा जागरूकता अभियान
एसपी श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देश पर विद्यालयों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को कानूनी अधिकारों व सुरक्षा हेल्पलाइन की दी गई जानकारी।

कानपुर देहात। महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए आज पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में कानपुर देहात पुलिस द्वारा “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के तहत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया।
इस अभियान के अंतर्गत, जनपदीय थाना पुलिस ने विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विद्यालयों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए। इन कार्यक्रमों में सैकड़ों महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा योजनाओं, उनके कानूनी अधिकारों, जनकल्याणकारी योजनाओं और साइबर अपराधों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग करना और उन्हें अपराधों से बचाव के उपायों से अवगत कराना है।
पुलिस ने महिलाओं को 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी हेल्पलाइन) और 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। साथ ही, उन्हें UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ उठाने और सोशल मीडिया पर साइबर अपराधों (जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी खातों) से सावधान रहने के टिप्स भी साझा किए गए। कानूनी अधिकारों के तहत POCSO एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम और साइबर क्राइम से संबंधित आईटी एक्ट की जानकारी भी दी गई।



