मिशन शक्ति 5.0: प्रोजेक्ट नई किरण से फिर मुस्कुराए छह परिवार, आपसी सहमति से साथ रहने को हुए तैयार
कानपुर देहात पुलिस लाइन में वैवाहिक विवादों को सुलझाने की बड़ी पहल, काउंसलिंग के बाद पति-पत्नी ने भुलाए पुराने गिले-शिकवे

कानपुर देहात: महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण)’ अभियान के तहत कानपुर देहात में एक सराहनीय पहल की गई है। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के कुशल निर्देशन में रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में ‘प्रोजेक्ट नई किरण‘ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य वैवाहिक विवादों और आपसी मनमुटाव के कारण टूटने की कगार पर पहुंचे परिवारों को दोबारा एक सूत्र में बांधकर उनके जीवन में खुशहाली लाना है।
काउंसलिंग टेबल पर आए 35 मामले, छह जोड़ों ने एक-दूसरे को पहनाई माला
रविवार को आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 35 पारिवारिक और वैवाहिक विवाद से जुड़े मामले परामर्शदाताओं के सामने आए। ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ की टीम और पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बातों को बेहद गंभीरता और धैर्यपूर्वक सुना। दोनों ही पक्षों को कानूनी उलझनों से बचने और पारिवारिक सुख-शांति का महत्व समझाया गया। टीम के अथक प्रयासों और उचित काउंसलिंग के बाद 06 परिवारों में आपसी सहमति के आधार पर समझौता कराने में सफलता मिली। पुराने मनमुटाव और गिले-शिकवे भुलाकर सभी छह जोड़ों के पति-पत्नी एक बार फिर खुशी-खुशी साथ रहने के लिए तैयार हो गए, जबकि शेष बचे प्रार्थना पत्रों में दोनों पक्षों को विचार करने का समय देते हुए अगली तिथि दी गई है।
इन अधिकारियों और परामर्शदाताओं का रहा सराहनीय योगदान
बिखरे हुए परिवारों को जोड़ने के इस पुनीत कार्य में पुलिस विभाग और सामाजिक परामर्शदाताओं की टीम ने महती भूमिका निभाई। कार्यक्रम को सफल बनाने में थानाध्यक्ष सुषमा, महिला उपनिरीक्षक ज्योति देवी, महिला कांस्टेबल कु. रीनू, पूनम सागर, शालू देवी और रंजना सोनकर सहित टीम के सम्मानित सदस्य कंचन मिश्रा, डॉ. पूनम गुप्ता और राम प्रकाश का विशेष योगदान रहा। सभी ने मिलकर दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर उनके वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत कराई।



