खाद वितरण में अनियमितता से नाराज किसानों का प्रदर्शन
पुखरायां की सोसाइटी थनवापुर में शुक्रवार को खाद वितरण में हो रही धांधली के खिलाफ किसानों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

- जिला पंचायत सदस्य संजय सचान ने लिया जायजा
- तहसील प्रशासन ने दिया नियमता खाद वितरण का आश्वासन
कानपुर देहात: पुखरायां की सोसाइटी थनवापुर में शुक्रवार को खाद वितरण में हो रही धांधली के खिलाफ किसानों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने आरोप लगाया कि सोसाइटी के सचिव अपने पसंदीदा किसानों को ही खाद दे रहे हैं, जबकि छोटे किसान घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी खाली हाथ लौट रहे हैं।
तीन दिन से भूखा-प्यासा हूं, फिर भी खाद नहीं मिली
प्रदर्शनकारी किसानों में से एक, विकलांग किसान लालजी यादव ने बताया कि वह पिछले तीन दिनों से एक बोरी खाद के लिए भूखे-प्यासे लाइन में लगे हैं, लेकिन उन्हें अभी तक खाद नहीं मिल पाई है। उन्होंने कहा कि सचिव मनमानी कर रहे हैं, जिससे जरूरतमंद किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन ने दिया नियमानुसार वितरण का आश्वासन
किसानों के विरोध की सूचना मिलने पर जिला पंचायत सदस्य संजय सचान तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने नायब तहसीलदार सूर्य प्रकाश सिंह, लेखपाल अजीत सिंह और तहसीलदार प्रिया सिंह से फोन पर बात की और किसानों की समस्या के समाधान का आग्रह किया। तहसील प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि खाद का वितरण अब नियमों के अनुसार ही किया जाएगा, जिससे सभी किसानों को खाद मिल सके। इस दौरान रामप्रकाश दिवाकर, रामआसरे पाल, रूप सिंह बिहारी, राम अवतार, प्रताप सिंह, राधेश्याम सहित कई अन्य किसान मौजूद रहे।



