कानपुर देहात: बेसिक शिक्षा का डिजिटल चाबुक: विभाग द्वारा दिए गए शिक्षकों के टैबलेट का होगा डिजिटल ऑडिट, गलत इस्तेमाल पर मिलेगी प्रतिकूल प्रविष्टि
बीएसए आशीष कुमार पाण्डेय ने कहा कि सभी शिक्षक शासन की गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन करें।

कानपुर देहात। बेसिक शिक्षा विभाग में पारदर्शिता लाने और शिक्षण व्यवस्था को हाईटेक बनाने के उद्देश्य से दिए गए टैबलेट का अब डिजिटल ऑडिट कराया जाएगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शिक्षकों को वितरित किए गए टैबलेट का उपयोग केवल शैक्षणिक एवं विभागीय कार्यों के लिए ही किया जाए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित शिक्षकों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्यवाही और प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज की जाएगी।
विभाग अब शिक्षकों के टैबलेट की लॉग फाइल, स्क्रीन टाइम और ऐप यूज डेटा का डिजिटल ऑडिट करेगा। इससे यह ट्रैक किया जाएगा कि डिवाइस का उपयोग पठन-पाठन में हो रहा है या नहीं। यह टैबलेट्स डिजिटल लर्निंग, ऑनलाइन उपस्थिति, दीक्षा, निपुण भारत ऐप और स्मार्ट क्लास संचालन जैसे महत्वपूर्ण उद्देश्यों के लिए उपलब्ध कराए गए हैं। यदि जांच के दौरान टैबलेट में सोशल मीडिया, यूट्यूब निजी मनोरंजन या अन्य गैर-शैक्षणिक गतिविधियां पाई जाती हैं तो इसे अनुशासनहीनता माना जाएगा।
छेड़छाड़ और अनधिकृत ऐप पर कड़ा एक्शन
टैबलेट के साथ किसी भी प्रकार की तकनीकी छेड़छाड़ करने या अनधिकृत ऐप डाउनलोड करने पर कड़ी विभागीय कार्यवाही की जाएगी।
बीएसए आशीष कुमार पाण्डेय ने कहा कि सभी शिक्षक शासन की गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन करें। विभागीय टैबलेट का उपयोग पूरी जिम्मेदारी के साथ केवल आधिकारिक और शैक्षणिक कार्यों में ही करें ताकि तकनीक के जरिए शिक्षण की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सके।



