मूसानगर के प्राचीन राधा कृष्ण मंदिर में चोरी
खजाना के लालच में उखाडा शिवलिंग का ऊपरी हिस्सा
- 43 साल पहले भी अष्टधातु की मूर्तियां हुईं थीं चोरी
- पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी
पुखरायां। कानपुर देहात के मूसानगर स्थित एक प्राचीन राधा कृष्ण मंदिर में शिवलिंग के ऊपरी हिस्सा का चोरी का मामला सामने आया है।घटना रविवार रात को हुई।सुबह जब पुजारी मंदिर में पहुंचे तो उन्होंने शिवलिंग को उखड़ा हुआ देखा।जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।मूसानगर थाना क्षेत्र के गढ़ बांगर गांव में स्थित इस मंदिर में राधा कृष्ण की मूर्तियों के साथ एक शिवलिंग भी स्थापित था।
चोरों ने रात के अंधेरे में मंदिर में धाबा बोलकर शिवलिंग को उखाड़ दिया और ऊपरी हिस्सा लेकर फरार हो गए।स्थानीय लोगों ने बताया कि यह मंदिर पहले भी चोरी का शिकार हो चुका है।करीब 43 साल पहले भी इसी मंदिर से अष्टधातु की राधाकृष्ण की मूर्तियां चोरी हो गईं थीं।ग्रामीणों के बीच चर्चा थी कि शिवलिंग में अष्टधातु हो सकती है या उसके नीचे कोई खजाना छिपा हुआ है।
आशंका जताई जा रही है कि इसी लालच में चोरों ने मंदिर में प्रवेश किया।शिवलिंग को उखाड़ दिया और उसका ऊपरी हिस्सा चुराकर फरार हो गए।सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।थाना प्रभारी कालीचरन कुशवाहा ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।




