कानपुर देहात में सेंगुर नदी में मिला युवक का शव,नहीं हो सकी पहचान
नहाते समय पैर फिसलने से हादसे की आशंका, पुलिस शव के शिनाख्त में जुटी

पुखरायां। कानपुर देहात में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के मावर गांव के पास सेंगुर नदी में एक करीब 28 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि नदी में नहाने के दौरान डूबने से युवक की मौत हुई है। सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह हादसा शाम करीब 6.30 बजे मावर पुल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर मलासा की तरफ हुआ। बताया जा रहा है कि उक्त युवक मावर रेलवे पुल के नीचे सेंगुर नदी में नहा रहा था। इसी दौरान नहाते समय अचानक पैर फिसल जाने से वह गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। वहां से गुजर रहे आसपास के चरवाहों ने जब नदी में एक युवक का शव देखा, तो फौरन इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही एसएसआई सुमन दीक्षित और देवीपुर चौकी प्रभारी एसआई अतेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकलवाया। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मृतक युवक का रंग सांवला है और चेहरे पर हल्की दाढ़ी सेट है। पहनावे की बात करें तो मृतक ब्राउन कलर का पैंट, काली छीटदार शर्ट और लाल सैंडो बनियान पहने हुए है, साथ ही उसकी गर्दन में पीतल का एक ताबीज भी बंधा हुआ है।
पुलिस टीम ने इस हुलिए के आधार पर आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों को बुलाकर शव की पहचान कराने का भरसक प्रयास किया, लेकिन काफी कोशिशों के बाद भी मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। एसएसआई सुमन दीक्षित ने बताया कि शव की अभी पहचान नहीं हो पाई है, उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा जा रहा है। हुलिए और पहनावे के विवरण के साथ आसपास के थानों व सोशल मीडिया के माध्यम से युवक की शिनाख्त के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।
एस एस आई सुमन दीक्षित ने बताया कि शव की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।शव के शिनाख्त के प्रयास कराए जा रहे हैं।
ये भी पढे- कानपुर देहात: रसूलाबाद में सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम



