कानपुर: चैन की नींद सोता रहा परिवार और चोरों ने साफ कर दिया पूरा घर, दूध तक डकार गए शातिर चोर
रेउना के गिरसी गांव में किसान के घर से २० लाख से अधिक की सनसनीखेज चोरी, फोरेंसिक टीम जांच में जुटी

- वारदात के बाद भी पुलिस ने नहीं दर्ज की रिपोर्ट, ग्रामीणों और पीड़ित परिवार में भारी आक्रोश
कानपुर नगर के रेउना थाना क्षेत्र के गिरसी गांव में बीती रात भीषण चोरी की वारदात हुई। चोरों ने एक किसान के घर से नगदी और जेवरात समेत २० लाख रुपये से अधिक का माल पार कर दिया। घटना की सूचना के बाद भी पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज न किए जाने से ग्रामीणों में भारी रोष है।
कानपुर नगर के रेउना थाना क्षेत्र अंतर्गत गिरसी गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक किसान के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने मकान के पीछे के हिस्से से छत पर चढ़कर आंगन में लगे लोहे के जाल को खोल दिया और कमरे के अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद चोरों ने कमरों में रखी अलमारी और बक्सों को खंगालकर उसमें रखी नगदी समेत सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित परिवार के मुताबिक चोर करीब २० लाख रुपये से अधिक का माल समेट ले गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर डायल ११२ पुलिस, रेउना थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्यों को संकलित किया और जांच-पड़ताल शुरू की। हालांकि, मामले में अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं किए जाने के कारण पीड़ित परिवार और ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है।
गिरसी गांव में २१ और २२ मई की दरमियानी रात को अज्ञात चोरों ने संदीप कुमार उर्फ पम्मू लाल सचान पुत्र सरयू प्रसाद सचान के घर को निशाना बनाया। वारदात के समय गृहस्वामी अपने परिवार के साथ मकान के अगले हिस्से में बने बरामदे में सो रहे थे। गर्मी अधिक होने के कारण कूलर और पंखे चल रहे थे, जिसकी आवाज के चलते परिवार को भनक तक नहीं लग सके। चोरों ने कमरों के अंदर रखी अलमारी और बक्सों का सामान बाहर फेंक दिया। वे घर में रखे दो लाख रुपये नकद, सोने की चेन, अंगूठी, झुमकी, पायल, बाला सहित कीमती आभूषण चोरी कर ले गए। इसके अलावा चोरों ने घर में रखा देसी घी, काजू, किशमिश, कपड़े और बर्तन भी पार कर दिए। चोर इतने बेखौफ थे कि रसोई में भगौने में रखा दूध भी पी गए।
सुबह करीब चार बजे जब गृहस्वामी की पत्नी सोकर जगीं और उन्होंने बाहर का दरवाजा खोलना चाहा, तो वह अंदर से बंद मिला। इससे उन्हें संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने अपने पति और ससुर को जगाया। जब परिवार के लोगों ने मकान के पीछे जाकर देखा तो पीछे का दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाने पर पूरे घर और कमरों में सामान बिखरा पड़ा मिला। पीड़ित ने तुरंत इसकी सूचना डायल ११२ पुलिस को दी और रेउना थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि अभी एक हफ्ता भी नहीं बीता है जब बराती खां के दरवाजे से चोरों ने बकरी और बकरा चोरी कर लिया था, लेकिन पुलिस ने उस मामले में भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। पीड़ित संदीप कुमार ने बताया कि इस बड़ी वारदात के बाद भी पुलिस ने अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की है, जिससे कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ये भी पढे- कानपुर देहात: जिलाधिकारी ने की जनपदीय स्वास्थ्य समिति की मासिक समीक्षा, दिए निर्देश



