रक्तदान से बचती है अनमोल जिंदगी: पुलिस अधीक्षक
रक्तदान करने वाले सभी पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.

कानपुर देहात। पुलिस लाइन परिसर में आज गुरुवार को रक्तदान शिविर का भव्य आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के कुशल निर्देशन और प्रतिसार निरीक्षक प्रेमचन्द्र शुक्ला की देखरेख में आयोजित इस शिविर में पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। संकल्प सेवा समिति के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन स्थितियों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना और समाज में सेवा भाव को सुदृढ़ करना था।
शिविर की खास बात यह रही कि यहाँ प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नए रिक्रूट आरक्षियों ने भी देश सेवा के साथ-साथ जनसेवा का संकल्प लेते हुए भारी संख्या में रक्तदान किया। पुलिस लाइन में सुबह से ही पुलिस कर्मियों की कतारें देखने को मिलीं। रक्तदान करने वाले सभी पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनका मनोबल और अधिक बढ़ा।
कार्यक्रम के सफल समापन पर पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने बताया कि रक्तदान न केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी है, बल्कि यह मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने जनसामान्य से भी अपील की कि वे रक्तदान के महत्व को समझें और स्वेच्छा से आगे आकर दूसरों का जीवन बचाने में अपना योगदान दें। कार्यक्रम पूरी तरह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और संकल्प सेवा समिति के प्रयासों की भी सराहना की गई।
ये भी पढ़े- जालौन: महिला सशक्तिकरण की ओर बढ़ते कदम मिशन शक्ति के तहत रन फॉर एंपावरमेंट का आयोजन



