कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

रामजी इलेक्ट्रॉनिक में गुल्लक साफ करने वाले दो शातिर दबोचे: दुकान मालिक के शोर मचाने पर एक को जनता ने घेरा, दूसरा नहर पटरी से गिरफ्तार

बदमाशों के कब्जे से नकदी और वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर बाइक बरामद, तीसरे फरार साथी मुकेश की तलाश में जुटी रूरा पुलिस

कानपुर देहात: जनपद में अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रूरा थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने कस्बे की एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इनके पास से चोरी की कुछ नकदी और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद हुई है।

घटना के संबंध में शिवाजी नगर (अकबरपुर रोड, रूरा) निवासी अनूप कुमार शर्मा ने थाने में लिखित तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि रूरा कस्बे में उनकी ‘रामजी इलेक्ट्रॉनिक’ नाम से दुकान है। शनिवार को बाइक सवार तीन चोर उनकी दुकान के अंदर घुस गए। उस समय दुकान में कोई मौजूद नहीं था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने गुल्लक में रखी बिक्री के 20,000 रुपये पार कर दिए। रुपए निकालकर जैसे ही चोर भागने लगे, तभी अनूप कुमार वहां पहुंच गए। उनके शोर मचाने पर जुटी भीड़ ने घेराबंदी करके एक आरोपी अखिलेश उर्फ छोटू को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि उसके दो साथी रुपए लेकर बाइक से फरार हो गए।

जनता द्वारा पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के बाद थाना रूरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर फरार चोरों की तलाश शुरू की। रविवार को गश्त और चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सटीक सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस ने रूरा-झींझक नहर सड़क पर गदनपुर श्मशानघाट के पास घेराबंदी की और मोटरसाइकिल से भाग रहे दूसरे आरोपी सोनू उर्फ भोला को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी के ₹2000 नगद और वारदात में प्रयुक्त काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP77AV8457) बरामद हुई। पुलिस ने मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए तीसरे फरार आरोपी मुकेश का नाम भी प्रकाश में लाया है।

पकड़े गए दोनों आरोपियों (अखिलेश उर्फ छोटू और सोनू उर्फ भोला) की उम्र करीब 19 वर्ष है और दोनों शिवली थाना क्षेत्र के ग्राम कढ़री के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि वे तीनों मुकेश की मोटरसाइकिल पर सवार होकर रूरा चोरी के इरादे से आए थे। दुकान खाली देख उन्होंने गुल्लक साफ कर दी। दुकान मालिक के आने पर सोनू और मुकेश रुपए लेकर बाइक से भाग निकले, लेकिन अखिलेश बाइक पर बैठ नहीं पाया और जनता के हत्थे चढ़ गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विनोद कुमार, आरक्षी शिवम और आरक्षी सुरेश कुमार शामिल रहे।


ये भी पढे-  शिवली में दिनदहाड़े महिला से लूट: अपाचे बाइक सवार बदमाश सोने की चेन,बाले और अंगूठी छीन हुए फरार


Related Articles

AD
Back to top button