कानपुर देहात में परिवार जागृति केंद्र की शुरुआत, अब हर सर्किल में सुलझेंगे पारिवारिक विवाद
एडीजी कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ ने किया वर्चुअल शुभारंभ, थाना स्तर पर ही महिला परामर्शदाता करेंगी काउंसलिंग

कानपुर देहात: पारिवारिक विवादों का स्थानीय स्तर पर त्वरित, संवेदनशील और सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के लिए कानपुर देहात में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। कानपुर जोन की अपर पुलिस महानिदेशक अनुपम कुलश्रेष्ठ ने वर्चुअल माध्यम से जनपद कानपुर देहात के सभी सर्किल स्तरों पर स्थापित परिवार जागृति विकेंद्रित परिवार परामर्श केंद्रों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कानपुर परिक्षेत्र के उपमहानिरीक्षक यमुना प्रसाद, झांसी परिक्षेत्र के उपमहानिरीक्षक आकाश कुलहरि और कानपुर जोन के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी वर्चुअली शामिल हुए।
जनपद के सर्किल अकबरपुर के लिए पुलिस लाइन में, सर्किल रसूलाबाद के लिए थाना शिवली में, सर्किल डेरापुर के लिए थाना डेरापुर में, सर्किल भोगनीपुर के लिए थाना भोगनीपुर में और सर्किल सिकंदरा के लिए थाना सिकंदरा में इन केंद्रों की स्थापना की गई है। प्रत्येक केंद्र पर प्रशिक्षित महिला परामर्शदाता तैनात की गई हैं, जो दोनों पक्षों से बातचीत कर विवादों को आपसी समझ और समझौते से सुलझाने का प्रयास करेंगी। आवश्यकता पड़ने पर पीड़ित पक्ष को कानूनी परामर्श भी दिया जाएगा।
शुभारंभ के दौरान पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने बताया कि इन केंद्रों के शुरू होने से अब लोगों को छोटी-छोटी पारिवारिक समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इससे आम जनता का समय, पैसा और श्रम बचेगा। वहीं अपर पुलिस महानिदेशक अनुपम कुलश्रेष्ठ ने कहा कि परिवार समाज की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है और इसे टूटने से बचाना पुलिस की प्राथमिकता है। इन केंद्रों का मुख्य उद्देश्य संवाद के जरिए बिखरते परिवारों को जोड़ना और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करना है।
इन केंद्रों की कार्यप्रणाली को पारदर्शी और सरल बनाने के लिए एक रजिस्टर, एक फाइल और एक शीट की व्यवस्था लागू की गई है। प्रत्येक मामले का डिजिटल बैकअप मिशन शक्ति केंद्र के डेस्कटॉप पर सुरक्षित रहेगा। सप्ताह में तीन दिन काउंसलिंग आयोजित की जाएगी और निस्तारित मामलों का फॉलो-अप व गृह भ्रमण भी किया जाएगा, ताकि विवाद दोबारा न उपजे। कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद समेत सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
ये भी पढे- कानपुर देहात में अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 10 चोरी की बाइक व लोडर संग 6 शातिर गिरफ्तार



