कानपुर देहात: जमीन विवाद में दोनों पक्षों ने दर्ज कराए मुकदमे, पुलिस ने शुरू की जांच
पहले पक्ष से महिला और उसके परिजन, तो दूसरे पक्ष से मेडिकल स्टोर संचालक और उनका भाई घायल।

डेरापुर, कानपुर देहात। डेरापुर थाना क्षेत्र के मुंगीसापुर बाजार में जमीन के विवाद को लेकर हुए मारपीट के मामले में दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले पक्ष की ओर से लडुवापुर निवासी बिटोला देवी पत्नी राजबाबू सिंह ने आरोप लगाया कि 27 जुलाई 2026 को शाम करीब 4 बजे मुंगीसापुर स्थित गाटा संख्या-503 के भूमि विवाद को लेकर अशोक कुमार व प्रमोद कुमार पुत्रगण इकबाल बहादुर, निवासी मीनापुर थाना बरौर, ने लाठी-डंडों से मारपीट की। घटना में बिटोला देवी के साथ उनके चाचा तेज सिंह व पिंकू सिंह भी घायल हुए। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
वहीं दूसरे पक्ष से अशोक कुमार ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि वह 27 जुलाई को शाम करीब 4 बजे मुंगीसापुर चौराहे पर स्थित अपनी मार्केट में अशोक मेडिकल स्टोर पर दुकानदार अमित से बातचीत कर रहे थे। तभी बिटोला देवी, अतुल सिंह, तेज सिंह तथा टिंकू सिंह, निवासी लडुवापुर, ने पीछे से आकर उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शोर सुनकर बचाने पहुंचे उनके भाई मनोज कुमार भी मारपीट में घायल हो गए। अशोक कुमार के अनुसार घटना में उनके दाहिने हाथ तथा मनोज कुमार के सिर पर चोटें आईं। दोनों का चिकित्सीय परीक्षण पहले ही पुलिस द्वारा कराया जा चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि मारपीट के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
डेरापुर पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढे- गुरु पूर्णिमा पर विद्यार्थी द्वारा गुरुजनों को स्व जनित पौध भेंट कर गुरुकुल परंपरा को सार्थक किया



