शादी के 20 दिन बाद युवक ने की आत्महत्या: नए साल पर शराब और डीजे को लेकर हुआ था विवाद
13 दिसंबर को ही हुई थी शादी, नए साल के जश्न को लेकर पत्नी से हुआ था झगड़ा

रनियां: थाना क्षेत्र के रायपुर में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ महज 20 दिन पहले दूल्हा बने एक युवक ने फंदे से लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य संकलित किए हैं।
नए साल के जश्न को लेकर हुआ विवाद
गजनेर थाना क्षेत्र के विलसरांया निवासी शिववीर सिंह अपने बेटे विनय सिंह और बहू पूजा के साथ रायपुर में किराए के मकान में रह रहे थे। विनय की शादी बीते 13 दिसंबर को ही पूजा के साथ हुई थी। जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात विनय नए साल के उपलक्ष्य में शराब पीने और डीजे लगाने की जिद कर रहा था। पत्नी पूजा ने इसका विरोध किया, जिसके चलते दोनों के बीच काफी कहासुनी और झगड़ा हुआ। इसके बाद दोनों अपने कमरे में सोने चले गए।
सुबह कमरे में लटका मिला शव
सुबह करीब 5 बजे जब पूजा की आंख खुली तो उसने पति विनय का शव कपड़े की रस्सी के सहारे फंदे से लटका देखा। पूजा के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर पिता शिववीर और मकान के अन्य किराएदार मौके पर जमा हो गए। आनन-फानन में घटना की सूचना रनिया पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर रनिया एस एन सिंह और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस की कार्यवाही
इंस्पेक्टर रनिया ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, जिसका कारण पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। फॉरेंसिक टीम ने कमरे से साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी।
ये भी पढ़े- ग्राम कल्ला में जिला स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज: राजेश तिवारी ने फीता काटकर किया उद्घाटन



